जनक दीदी की प्रेरणात्मक कार्यशाला 'सस्टेनेबल मैरिज के लिए सस्टेनेबल विकल्प'
'शादी में कचरा नहीं करना' और बाद में 'शादी का कचरा नहीं करना'
प्रकृति-प्रेम और सतत जीवन को समर्पित जिम्मी और जनक मगिलिगन फाउंडेशन फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट ने जिम्मी और जनक दीदी की शादी की 38वीं सालगिरह के अवसर पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन 27 नवंबर, 2026 को उनके निवास 'गिरिदर्शन' सनावदिया में किया। कार्यक्रम की शुरुआत जीवांश बत्रा के शंखनाद, जनक दीदी, प्रिया शर्मा, डॉ. प्रकाश कौशल की बहाई प्रार्थनाओं से हुई।
डॉ. जनक पलटा मगिलिगन ने सभी का स्वागत करते हुए, बहाई धर्म की शिक्षाओं एवं अपने 38 वर्षों के वैवाहिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि 'पति-पत्नी एक पक्षी के दो पंखों के समान हैं, जिन्हें समान सहयोग, विश्वास और सम्मान के साथ कार्य करना चाहिए, तभी रिश्ते की उड़ान संभव है।
उन्होंने एक-दूसरे की कमियों के बजाय गुणों को पहचानने एवं उनकी सराहना करने पर जोर दिया कि सस्टेनेबल शादी केवल बिना अनावश्यक बर्बादी के शादी समारोह आयोजित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे जीवन में एक स्वस्थ, प्रेमपूर्ण एवं सामंजस्यपूर्ण रिश्ता बनाए रखना भी है।
उन्होंने बताया जिम्मी और मैं दोनों शादी के पहले से ही 'बहाई धर्म' के अनुयायी होने के नाते अपने दाम्पत्य जीवन को मानवता रूपी पक्षी की तरह से जीने में प्रयासरत रहे, जिसका आधार मानव जीवन की आध्यात्मिक वास्तविकता है, न कि केवल भौतिक, सामाजिक या भौतिक...। जीवन का उद्देश्य ईश्वर के प्रेम के लिए प्राणियों में सद्भावना पैदा करना है। कार्यशाला का उद्देश्य कम से कम खर्च पर स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त विवाह का अयोजन किया जाए ताकि पैसों का दुरुपयोग भी न हो और शादी समारोह के बाद होने वाला कचरा भी न हो।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यूयॉर्क के गायक, गीतकार एवं गिटारिस्ट जेम्स डीन कोंकलिन ने पानी बचाओ, हवा बचाओ, प्रकृति बचाओ, जीवन बचाओ पर गीत गाए। उन्होंने अपनी मौलिक संगीत रचनाओं के माध्यम से प्रकृति, जल और जीवन को खूबसूरती से प्रस्तुत किया। उनकी तीन विशेष प्रस्तुतियां; पर्वतों से बहती नदी की यात्रा, अमेजन से गंगा तक नदियों की जीवनदायिनी एवं स्त्री ऊर्जा और पानी-पत्थरों से उत्पन्न प्राकृतिक लय को संगीत में अभिव्यक्त किया। उनकी पत्नी एलिसा ज़ज़ेरा जैविक सब्जी उत्पादक और प्रशिक्षक विशिष्ट अतिथि ने अपने वैवाहिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए एक-दूसरे की खूबियों को पहचानने, सहयोग और समझ का महत्व बताया।
श्रीमती आभा पलटा तिवारी ने विवाह के बाद नए परिवार को समझने और स्वीकार करने, उसमें अपनापन विकसित करने, सहयोग एवं आपसी सम्मान के महत्व पर प्रकाश डाला। 'स्वाहा' के निदेशक, स्वच्छ भारत मिशन और जीरो वेस्ट इवेंट विशेषज्ञ समीर शर्मा ने विवाह समारोहों से उत्पन्न कचरे एवं उसके पर्यावरणीय प्रभाव पर तथ्यात्मक प्रस्तुति दी।
उन्होंने बताया कि 200 से 500 मेहमानों वाले होटल विवाह समारोह में लगभग 150 से 300 किलोग्राम कचरा उत्पन्न हो सकता है। भारत में अनुमानित 1.125 करोड़ विवाह और इंदौर में लगभग 13,500 विवाहों के संदर्भ में उन्होंने इस समस्या की व्यापकता बताई। इंदौर में प्रतिदिन लगभग 1200 टन नगरपालिका कचरे के बीच विवाह समारोहों से उत्पन्न अतिरिक्त कचरा भी प्रबंधन व्यवस्था पर दबाव बढ़ाता है। उन्होंने भोजन की बर्बादी, प्लास्टिक पैकेजिंग, सजावट एवं डिस्पोजेबल वस्तुओं से होने वाले प्रदूषण और कार्बन उत्सर्जन पर चिंता व्यक्त की। ज़ीरो वेस्ट का विचार और मार्गदर्शन हमें जनक पलटा दीदी से प्राप्त हुआ।
अपने विवाह का उदाहरण देते हुए समीर शर्मा ने बताया कि उनकी यूक्रेनी पत्नी अलीना के साथ अलग-अलग देश, भाषा, धर्म एवं संस्कृति होने के बावजूद प्रेम, नैतिक मूल्यों, सम्मान और आपसी समझ उनके रिश्ते की ताकत बने। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि जीवनसाथी का चयन केवल बाहरी आकर्षण या सामाजिक समानताओं से नहीं, बल्कि व्यक्ति के चरित्र, मूल्यों, संवेदनशीलता, ईमानदारी और जीवन के प्रति दृष्टिकोण से करना चाहिए।
प्रोफेसर श्रीमती जयश्री सिक्का ने आर्य समाज परंपरा के माध्यम से आयोजित अपने टिकाऊ विवाह का अनुभव साझा किया। अन्य प्रतिभागियों ने भी सस्टेनेबल विवाह एवं जीवनशैली से जुड़े अपने अनुभव प्रस्तुत करते हुए बताया कि व्यक्तिगत निर्णय किस प्रकार जिम्मेदार एवं टिकाऊ समुदायों के निर्माण में योगदान दे सकते हैं।
दिव्य कौशल और उनके पिता डॉ. प्रकाश कौशल ने बहाई धर्म के अनुसार विवाह में व्यक्तिगत पसंद, माता-पिता की सहमति और जीवनसाथी को समझने के महत्व पर विचार साझा किए। उन्होंने विश्वास, पारदर्शिता और आपसी समझ को सफल विवाह की नींव बताया तथा 20 दिसंबर 2026 को होने वाले अपने विवाह में शून्य अपशिष्ट अपनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यशाला ने यह संदेश दिया कि सस्टेनेबिलिटी केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं, बल्कि रिश्तों, परिवारों और सामुदायिक जीवन तक है। एक टिकाऊ विवाह रिश्तों को पोषित करता है, एक-दूसरे का सम्मान करता है, प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाता है और जीवन के उत्सव को अधिक सार्थक बनाता है। कार्यक्रम का समापन फाउंडेशन के ट्रस्टी वीरेंद्र गोयल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

