1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. EOW's big action on the locations of draftsman Vijay Daryani

मानचित्रकार विजय दरियानी के ठिकानों पर EOW की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की संपत्ति का हुआ खुलासा

Draftsman Vijay Daryani
इंदौर। देवास के मानचित्रकार विजय दरियानी के ठिकानों पर उज्जैन ईओडब्ल्यू की टीम ने बड़ी छापामार कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपए की संपत्ति का खुलासा किया है। ईओडब्ल्यू की टीम ने यह कार्रवाई दरियानी के इंदौर, देवास, उज्जैन स्थित ठिकानों पर की है। दरियानी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति होने की शिकायत मिली थी।

उज्जैन एसपी दिलीप सोनी के नेतृत्व में ईओडब्ल्यू की टीम ने आज टाउन एंड कंट्री प्लानिंग देवास के मानचित्रकार विजय दरियानी के इंदौर और देवास स्थित ठिकानों पर छापा मारकर करोड़ों रुपए की अवैध संपत्ति, 3 महंगी कारें, 1 लाख 40 हजार नकद सहित कई फाइल बरामद की हैं।

ईओडब्ल्यू के अधिकारी दिलीप सोनी के अनुसार, देवास में दरियानी के ऑफिस में टीम पहुंची थी। दस्तावेजों की जांच के बाद पूरी कार्रवाई इंदौर स्थित घर पर की जा रही है। इंदौर में दरियानी के आशीष नगर स्थित घर पर कार्रवाई की गई।

इसके साथ ही गुरुकृपा रीजेंसी, कल्पना लोक के फ्लैट और माउंटबर्ग कॉलोनी के घर पर भी ईओडब्ल्यू की टीम जांच करने पहुंची थी। मानचित्रकार दरियानी के पास से करोड़ों रुपए की संपत्ति, घर में ऐशोआराम के साथ, विदेशी शराब सहित कई अन्य महंगी वस्तुएं बरामद हुई हैं।

खबरों के अनुसार, मानचित्रकार विजय दरियानी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में गोपनीय जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर आज एकसाथ उनके इंदौर, देवास, उज्जैन सहित कई ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की जा रही है। जांच के बाद संपत्ति को लेकर नई जानकारी सामने आ सकती है।
अगला लेख
Punjab Crisis : दहाड़ने वाले नवजोत सिद्धू बैठक के बाद 'चुपचाप' निकल गए, लगता है मान जाएंगे...