शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. गुजरात
  4. Gujarat-Unseasonal Rain Alert–March 2026
Last Modified: शुक्रवार, 20 मार्च 2026 (17:42 IST)

गुजरात पर फिर बेमौसम बारिश का संकट, 22 मार्च से सक्रिय होगा नया सिस्टम

Gujarat Weather Update
Gujarat Weather Update: गुजरात के किसानों के लिए एक बार फिर चिंताजनक खबर सामने आई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी 22 मार्च से आकाश में एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय होने जा रहा है। 'अपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन' के कारण बनने वाले इस सिस्टम से गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव आने की संभावना है। यह नया सिस्टम 25 मार्च के बाद और अधिक प्रभावी होगा, जिससे राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक और धूल भरी आंधी के साथ फिर से 'मावठा' (बेमौसम बारिश) गिर सकती है।

अलग-अलग मौसम प्रणालियां कार्यरत

वर्तमान में देश में पांच अलग-अलग मौसम प्रणालियां कार्यरत हैं, जिसके कारण राज्य में पिछले कुछ दिनों से अस्थिर वातावरण बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में दिन के समय तापमान में बढ़ोतरी महसूस होगी, लेकिन शाम होते ही बादल छा जाएंगे और छिटपुट इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस बेमौसम बारिश की वजह से गर्मियों की फसलों को नुकसान होने का डर बना हुआ है, जिससे किसानों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

अमरेली जिले में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो राज्य के 72 तालुकों में मेघराजा ने जोरदार बल्लेबाजी की है। इसमें अमरेली जिले के बगसरा में सबसे ज्यादा 1.61 इंच बारिश दर्ज की गई है, जबकि चोटिला में 1.54 इंच और राजकोट व भेसाण में 1.38 इंच बारिश हुई है। इसके अलावा उपलेटा, धोराजी, सावरकुंडला और भावनगर जैसे इलाकों में भी करीब पौना इंच बारिश होने से सड़कों पर पानी भर गया था।
 
बारिश के साथ चली तेज हवाओं और ओलावृष्टि के कारण कई जगहों पर फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। मुंद्रा, लोधिका, लालपुर और विसावदर जैसे क्षेत्रों में भी आधे इंच से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने अभी भी आने वाले घंटों में तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है, इसलिए लोगों और खासकर किसानों को सावधान रहने और अपनी फसल को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 
ये भी पढ़ें
IRIS Dena हमले के बाद भारत के खिलाफ साजिश! Pakistan ने चलाया झूठा अभियान, OSINT रिपोर्ट में बड़ा खुलासा