1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. गुजरात विधानसभा चुनाव 2017
  4. Gujarat assembly election, election results, Congress, BJP

गुजरात में चुनाव हारे, जनता का दिल जीता : कांग्रेस

Gujarat assembly election
नई दिल्ली। कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि गुजरात में उसने मोर्चा जरूर हारा है, लेकिन जंग जीत ली है तथा अहंकार, धनबल, बाहुबल सत्ताबल के आधार पर चुनाव जीतने और कांग्रेसमुक्त भारत का सपना देखने वालों को शिकस्त दी है।
 
कांग्रेस के गुजरात के प्रभारी महासचिव अशोक गहलोत, वरिष्ठ नेता सुशील कुमार शिंदे तथा संचार विभाग के प्रमुख रणदीपसिंह सुरजेवाला ने कहा कि गुजरात चुनाव में पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस की नैतिक जीत हुई है। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह को उनके घर में घुसकर मात दी है।
 
कांग्रेस के हिमाचल प्रदेश के प्रभारी सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा 50 सीट जीतने की बात करती थी लेकिन वहां भी उसे तगड़ा झटका लगा है और कांग्रेस ने उसे अच्छी टक्कर दी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार ही चुनाव हार गए हैं।
 
गहलोत ने आरोप लगाया कि भाजपा ने गुजरात चुनाव में ध्रुवीकरण करने की कोशिश की लेकिन वह नहीं चला, फिर नर्मदा की बात की, लेकिन वह भी नहीं चल पाई। 'सी-प्लेन' को भी उतार दिया लेकिन बात तब भी बनती नजर नहीं आई तो मोदी ने चुनाव जीतने के लिए भावनात्मक तरीका अपनाया और कहा कि वह गुजरात का बेटे हैं और यह चुनाव उनके मान, सम्मान तथा अस्मिता का सवाल बन गया है।
 
कांग्रेस नेता ने कहा कि गुजरात चुनाव में जिस तरह से कांग्रेस का प्रदर्शन रहा है उसका श्रेय गांधी को जाता है। उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान जो पदयात्रांए की और जो माहौल बनाया उसने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की चुनाव प्रचार शैली की याद ताजा कर दी। गांधी के नेतृत्व में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने यह चुनाव लड़ा और इसमें 'भाजपा भी जीती नहीं है और कांग्रेस भी हारी नहीं है'। (वार्ता)
अगला लेख
राहुल बोले, गुजरात और हिमाचल का जनादेश हमें स्वीकार...