इंदौर-भोपाल, नागपुर, जयपुर से लेकर देशभर के शहरों में क्यों शटडाउन हो रहे FIIT JEE सेंटर्स, क्या है स्कैम?
- देशभर में करोड़ों की फीस और छात्रों का भविष्य खतरे में
- जयपुर से नागपुर तक कई शहरों में सेंटर के खिलाफ प्रदर्शन
- जांच एजेंसियों की नजर कोचिंग के बैंक खातों पर
- उत्तर प्रदेश में 2 करोड़ की ठगी का मामला दर्ज
क्या है मामला : कई सेंटर से खबरें हैं कि उनके स्टाफ और टीचर्स को वेतन नहीं मिल रहा है। कहा जा रहा है कि करीब 4 महीनों से वेतन नहीं आया है। इसके चलते टीचर्स कोचिंग छोड़कर चले गए हैं। फिट्जी का हैड ऑफिस दिल्ली में है और वहीं से सभी का वेतन आदि आता है। कर्मचारी कई बार फोन और ईमेल कर चुके हैं, लेकिन जवाब नहीं मिला है।
इंदौर में जनसुनवाई में सामने आया था मामला : इंदौर में भी यही हाल है। यहां फिट्जी कोचिंग के दो सेंटर हैं। लेकिन एडवॉन्स फीस लेने के बाद भी यहां कोचिंग सेंटर में पढाया नहीं जा रहा है। कई स्टूडेंट परेशान हैं। स्टाफ को लंबे समय से वेतन नहीं मिला है। कई बार हेड ऑफिस में संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। बता दें कि पिछले दिनों कलेक्टर जनसुनवाई में बड़ी संख्या में छात्रों के अभिभावक पहुंचे जहां फिटजी (FIITJEE) को लेकर छात्रों के पैरेंट्स ने गंभीर आरोप लगाए हैं। शहर में फिटजी की 3 ब्रांचों में क्लासेस अचानक बंद हो गई हैं।
जयपुर में फुटा गुस्सा, प्रदर्शन : जयपुर से भी इसी तरह की खबर आ रही है। यहां सैकड़ों स्टूडेंट्स से कोचिंग के नाम पर बच्चों से मोटी फीस एडवांस में ले ली। इसके बाद कोचिंग सेंटर पर ताला लगा दिया। मामला कोचिंग इंस्टीट्यूट के जयपुर सेंटर का है। जयपुर के जवाहर लाल नेहरू मार्ग पर यह कोचिंग सेंटर स्थित है। इस सेंटर के सामने शनिवार को दर्जनों छात्रों के अभिभावकों ने प्रदर्शन किया। अभिभावकों का कहना है कि मोटी फीस एडवांस वसूलने के बाद भी कोचिंग इंस्टीट्यूट ने क्लास नहीं लगाई। पहले ऑनलाइन और फिर ऑफलाइन क्लास लगाने का झांसा देते रहे। जब कई दिन तक कक्षाएं नहीं लगी तो अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। अब वहां कोचिंग के खिलाफ प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में ठगी का मामला दर्ज : उत्तर प्रदेश में फिट्जी के एमडी पर 2 करोड़ की ठगी का मामला दर्ज किया गया है। यहां सैकड़ों अभिभावक व छात्र-छात्राओं विरोध प्रदर्शन किया है। करीब एक सप्ताह के बाद नियमित क्लास शुरू नहीं हो सकी है। यह पूरा मामला तब सामने आया जब सेंटर के एक टीचर ने सोशल मीडिया ग्रुप में लिखा कि वह भुगतान नहीं मिलने के कारण कोचिंग सेंटर छोड़ रहे हैं। उसके बाद ही सेंटर बंद कर दिया गया। रविवार सुबह कोचिंग करने आए छात्रों को पता चला कि कोचिंग सेंटर बंद है।
कितने सेंटर और स्कूल : बता दें कि फिट्जी के देशभर में 73 स्टडी सेंटर, 2 फिट्जी ग्लोबल स्कूल, 6 फिट्जी वर्ल्ड स्कूल, 49 एसोसिएट स्कूल है। बता दें कि फिट्जी के देशभर आईआईटी जेईई परीक्षा की तैयारी करवाती है।
कोचिंग के 3 खाते फ्रीज : जानकारी सामने आ रही है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई भी शुरू कर दी है। जांच पड़ताल में पुलिस को कोचिंग के तीन बैंक खातों के बारे में पता चला। यह खाते मुंबई स्थित एक्सिस बैंक शाखा में खोले गए हैं। फिलहाल बैंक अफसरों से पत्राचार करते हुए तीनों ही खातों को फ्रीज करा दिया गया है। इनमें कितनी रकम जमा है, इसका पता फिलहाल नहीं चल सका है।
Edited by Navin Rangiyal

