'जहां राम का नाम, वहां हर शुरुआत शुभ', 'नई नवेली' की रिलीज़ से पहले अयोध्या में प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद लेंगी यामी गौतम
बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम धर एक बार फिर दर्शकों के दिलों पर राज करने के लिए तैयार हैं। अपनी बेहतरीन स्क्रिप्ट चॉइसेज, सहज अभिनय और विविधतापूर्ण भूमिकाओं के लिए पहचानी जाने वाली यामी की आगामी फैंटेसी फैमिली एंटरटेनर फिल्म 'नई नवेली' का सिनेप्रेमियों को बेसब्री से इंतज़ार है।
फिल्म सफलता के लिए यामी गौतम धर ने अपनी प्रमोशन यात्रा की शुरुआत एक आध्यात्मिक और पावन मोड़ से करने का फैसला किया है। किसी भी नई यात्रा की शुरुआत को प्रभु श्रीराम के नाम से शुभ मानने के अटूट विश्वास के साथ, यामी गौतम धर फिल्म के निर्माता आनंद एल. राय के साथ उत्तर प्रदेश की पवित्र नगरी अयोध्या जाने वाली हैं।
राम की पैड़ी पर टेकेंगी माथा
अयोध्या दौरे के दौरान, यामी और आनंद एल. राय प्रसिद्ध राम की पैड़ी पहुँचकर प्रभु श्रीराम का दिव्य आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। सनातन परंपरा में किसी भी नए और बड़े कार्य की शुरुआत भगवान राम का स्मरण करके की जाती है, और यामी का यह कदम न केवल उनकी गहरी आस्था को दर्शाता है, बल्कि अपनी फिल्म और सिनेमाई सफर के प्रति उनकी सादगी व समर्पण को भी उजागर करता है।
मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बनाने वाले आनंद एल. राय और यामी गौतम की यह जोड़ी दर्शकों के लिए कुछ बेहद खास और अनोखा लेकर आ रही है। अयोध्या यात्रा के दौरान फिल्म की पूरी टीम देशवासियों के बीच प्यार और मनोरंजन का संदेश फैलाने की प्रार्थना करेगी।
क्या है 'नई नवेली' की कहानी?
फिल्म 'नई नवेली' की कहानी उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में एक ऐसी दुल्हन (मोहिनी) की ज़िंदगी को दिखाया गया है, जो बाहर से बिल्कुल परफेक्ट और आदर्श दिखाई देती है। लेकिन जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, उसके जीवन के कई मज़ेदार, अनोखे और रहस्यमयी पहलू सामने आने लगते हैं।
यह फिल्म केवल एक सामान्य पारिवारिक ड्रामा नहीं है, बल्कि इसमें फैंटेसी, हॉरर-कॉमेडी, सस्पेंस और भारतीय लोककथाओं का एक बेहद सधा हुआ और मनोरंजक मिश्रण देखने को मिलेगा। दर्शक यह जानने के लिए उत्सुक होंगे कि मेरठ के इस संयुक्त परिवार में आई 'नई नवेली' दुल्हन सच में घर के लिए वरदान है या उसके पीछे कोई रहस्य छिपा हुआ है।
दक्षिण भारतीय फिल्मों के जाने-माने निर्देशक बालाजी मोहन इस फिल्म के जरिए हिंदी सिनेमा में बतौर निर्देशक अपना कदम रख रहे हैं। फिल्म का निर्माण आनंद एल. राय के कलर येलो प्रोडक्शंस और अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज के बैनर तले किया गया है। यह फिल्म 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।

