दिव्यांका त्रिपाठी की बिल्डिंग में लगी आग, लिफ्ट में फंसे गार्ड की मौत, एक्ट्रेस ने बयां किया दर्द
दिवाली के पावन पर्व से ठीक एक रात पहले मुंबई के पॉश इलाके अंधेरी वेस्ट स्थित 'रनवाल टावर' में एक भयानक आगजनी की घटना सामने आई। 17वीं मंजिल के एक फ्लैट में भड़की इस आग ने न केवल पूरी इमारत में हड़कंप मचा दिया, बल्कि एक निष्ठावान सुरक्षाकर्मी की जान भी ले ली।
टीवी इंडस्ट्री के मशहूर कलाकार दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया, जो इसी इमारत में रहते हैं, अपने परिवार के साथ सुरक्षित बाहर निकल आए। हालांकि, अपनी इमारत के पुराने गार्ड 'धनपत अंकल' की मौत की खबर ने उन्हें और पूरी सोसाइटी को गहरे सदमे में डाल दिया है।
दीये की लौ से सुलगी आग, लिफ्ट में फंसा सुरक्षाकर्मी
मुंबई फायर ब्रिगेड से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात लगभग 9:50 बजे रनवाल टावर के सी-विंग में स्थित फ्लैट नंबर 1702 से आग की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि फ्लैट मालिक शरद अग्रवाल और उनकी पत्नी दिवाली पूजा के बाद बाहर खाना खाने गए हुए थे। घर में उनके बुजुर्ग माता-पिता और घरेलू सहायक मौजूद थे। लिविंग रूम में पूजा के लिए जलाकर रखा गया दीया अचानक भड़की आग का कारण बना।
आग लगने पर घरेलू सहायक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बुजुर्गों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन हादसे के दौरान 56 वर्षीय लिफ्टमैन धनपत महतो (धनपत अंकल) सीढ़ियों के बजाय लिफ्ट की ओर बढ़ गए। धुआं तेजी से फैलने और बिजली कटने के कारण वह लिफ्ट लॉबी के पास फंस गए और धुएं से उनका दम घुट गया। दमकलकर्मियों ने उन्हें कूपर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दिव्यांका-विवेक का छलका दर्द
हादसे के बाद टीवी कपल दिव्यांका त्रिपाठी और उनके पति विवेक दहिया ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने एक पुराना वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें धनपत अंकल उनके जुड़वां बच्चों को पहली बार घर आगमन पर प्यार और आशीर्वाद देते नजर आ रहे हैं।
दिव्यांका और विवेक ने लिखा, कुछ नुकसान जीवन में ऐसी खामोशी छोड़ जाते हैं जो कभी खत्म नहीं होती। जब हम अपने बच्चों को पहली बार घर लाए थे, तो उनका स्वागत और आशीर्वाद देने वाले सबसे पहले इंसान हमारे प्यारे 'धनपत अंकल' थे। हमने सोचा था कि वह हमारे बच्चों को बड़ा होते देखेंगे, उनके साथ खेलेंगे... लेकिन यह सब सिर्फ एक सपना बनकर रह गया।
कपल ने यह भी बताया कि उस शाम वे बाहर जाने वाले थे, लेकिन किसी न किसी वजह से घर से निकलने में देरी होती रही। यही देरी उनके लिए वरदान साबित हुई, क्योंकि घर पर होने के कारण वे सही समय पर खतरे को पहचान सके और बच्चों, परिवार और स्टाफ के साथ सुरक्षित बाहर निकल पाए।
अपने पोस्ट के अंत में दिव्यांका और विवेक ने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास के लोगों और उनकी मौजूदगी की कीमत समझें। उन्होंने कहा कि जब उनके बच्चे बड़े होंगे, तो वे उन्हें उस दयालु इंसान की कहानियां जरूर सुनाएंगे जिसने उनका इस दुनिया में पहला स्वागत किया था।

