1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. diljit dosanjh reacts on neet paper leak cjp jantar mantar protest

CJP के आंदोलन से दूरी बनाने पर दिलजीत दोसांझ ने तोड़ी चुप्पी, बोले- मैं कलाकार हूं, नेता नहीं...

Diljit Dosanjh
फेमस पंजाबी एक्टर-सिंगर इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' की सफलता का जश्न मना रहे हैं। दिलजीत अक्सर अपनी बेबाक राय के ‍लिए भी सुर्खियों में रहते हैं। लेकिन नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) द्वारा किए जा रहे बड़े विरोध प्रदर्शन से दिलजीत ने खुद को पूरी तरह किनारे कर लिया है।
 
हाल ही में फैंस से रूबरू होने के लिए दिलजीत दोसांझ ने एक इंस्टाग्राम लाइव सेशन रखा था। इस दौरान देश-विदेश से जुड़े उनके लाखों फैंस ने उनसे कई सवाल पूछे। इसी बीच एक फैन ने उनसे पूछा कि क्या वे NEET पेपर लीक विवाद और परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ जंतर-मंतर पर चल रहे CJP के प्रदर्शन में शामिल होंगे या इसका समर्थन करेंगे?
इस सवाल पर बिना किसी हिचकिचाहट के दिलजीत ने बेहद संजीदा लहजे में कहा, "मुझे इन सब चीज़ों से दूर रखो... भाई, मैं एक कलाकार हूं। मैं कोई राजनेता नहीं हूं। मुझे नहीं पता कि आप लोग मेरे बारे में क्या सोचते हैं।"
 
अपनी बात को गहराई देने के लिए दिलजीत ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब की एक बेहद लोकप्रिय पंक्ति का पाठ किया— "नानक दुखिया सभु संसारु, सो सुखिया जिसु नामु अघारु।" इसका अर्थ समझाते हुए उन्होंने कहा कि इस दुनिया में हर कोई किसी न किसी दुख या संघर्ष से गुजर रहा है, और सच्चा सुख केवल ईश्वर के नाम के सहारे ही मिल सकता है। 
 
उन्होंने आगे जोड़ा, "देखो, इस दुनिया में सब कुछ कभी भी पूरी तरह सही नहीं हो सकता। इसलिए, जो लोग प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्हें भी बधाई और जिनके खिलाफ या जिनके लिए हो रहा है, उन्हें भी बधाई... क्योंकि मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता।"
 
दिलजीत दोसांझ का यह बयान इसलिए भी चर्चा बटोर रहा है क्योंकि साल 2020 में केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ हुए किसान आंदोलन में वे एक मुखर चेहरा बनकर उभरे थे। उस समय उन्होंने न केवल सोशल मीडिया पर किसानों का खुलकर समर्थन किया था, बल्कि खुद सिंघु बॉर्डर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से मुलाकात भी की थी।
 
क्या है कॉकरोच जनता पार्टी का यह प्रदर्शन?
जंतर-मंतर पर जारी इस विरोध प्रदर्शन की अगुवाई कर रही 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) की शुरुआत मूल रूप से एक डिजिटल सैटायर आउटफिट के रूप में हुई थी। लेकिन 20 जून से इस संगठन ने जमीनी स्तर पर मोर्चा खोल रखा है। CJP की मुख्य मांग NEET परीक्षा पेपर-लीक विवाद को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
मुंबई की बारिश में विक्की कौशल-कैटरीना कैफ का रोमांस, वायरल तस्वीर ने जीता फैंस का दिल