1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. dhanush mammootty om operation mole movie first day box office collection

धनुष की सबसे बड़ी ओपनर बनी 'ओम: ऑपरेशन मोल', 'तेरे इश्क में' और 'कारा' को छोड़ा पीछे

Dhanush
साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धनुष और मलयालम सुपरस्टार ममूटी की बहुप्रतीक्षित एक्शन स्पाई-थ्रिलर फिल्म ‘ओम: ऑपरेशन मोल’ ने सिनेमाघरों में दस्तक देते ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त शुरुआत की है। राजकुमार पेरियासामी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है, लेकिन इसके बावजूद फिल्म ने पहले दिन की कमाई के मामले में धनुष के करियर के सभी पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं।   
 
बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘ओम: ऑपरेशन मोल’ ने अपनी रिलीज के पहले दिन दुनियाभर में 31.55 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का प्रदर्शन बेहद मजबूत रहा, जहां इसने 17.70 करोड़ रुपये का नेट और 20.55 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन दर्ज किया।   
विदेशी बाजारों में भी धनुष और ममूटी की जोड़ी का जादू जमकर चला और फिल्म ने वहां से 11 करोड़ रुपये की शानदार कमाई बटोर ली। भाषा के आधार पर देखें तो फिल्म को सबसे ज्यादा प्यार तमिल दर्शकों से मिला, जहां से इसने 13.35 करोड़ रुपये नेट कमाए। तेलुगु बेल्ट में भी फिल्म ने 4 करोड़ रुपये नेट का संतोषजनक कारोबार किया, हालांकि हिंदी पट्टी में इसकी शुरुआत धीमी रही और यह 1 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार नहीं कर सकी।   
 
धनुष ने तोड़े अपने ही पिछले रिकॉर्ड   
इस शानदार ओपनिंग के साथ ‘ओम: ऑपरेशन मोल’ धनुष के करियर की अब तक की सबसे बड़ी ओपनर बन गई है। इससे पहले यह रिकॉर्ड उनकी फिल्म ‘तेरे इश्क में’ के नाम था, जिसने पहले दिन वर्ल्डवाइड 22.01 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इसके अलावा ‘ओम’ ने धनुष की पिछली रिलीज ‘कारा’ को भी मीलों पीछे छोड़ दिया है, जिसका ओपनिंग डे कलेक्शन महज 9.67 करोड़ रुपये रहा था।
 
'करुप्पु' को पछाड़ा, 'धुरंधर' से रही पीछे   
इस साल रिलीज हुई अन्य बड़ी तमिल फिल्मों से तुलना करें तो धनुष की इस स्पाई-थ्रिलर ने सूर्या और आरजे बालाजी की फिल्म ‘करुप्पु’ की ओपनिंग को आसानी से मात दे दी है। हालांकि, यह सूर्या की ही एक अन्य फिल्म ‘सीन’ के 40 करोड़ रुपये और ‘विश्वनाथ एंड संस’ के 31.74 करोड़ रुपये के पहले दिन के आंकड़े से थोड़ा पीछे रह गई।   
 
वहीं, तमिल सिनेमा के दो सबसे बड़े दिग्गजों—रजनीकांत की ‘जेलर 2’ (127 करोड़ रुपये) और विजय की ‘जन नायकन’ (77 करोड़ रुपये)—का दबदबा अब भी शीर्ष पर कायम है। इसके अलावा, स्पाई-थ्रिलर जॉनर होने के कारण फिल्म की तुलना 2025 की ब्लॉकबस्टर ‘धुरंधर’ से भी हो रही है, जिसने पहले दिन 41.35 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था।
क्या है फिल्म की कहानी और क्यों मिल रही है तारीफ?
वंडरबार फिल्म्स और आरटेक स्टूडियोज के बैनर तले बनी इस फिल्म का नाम पहले ‘ओम चैप्टर 1: उधिरम – द ब्लड वुड’ रखा गया था। फिल्म की कहानी लाल चंदन की तस्करी करने वाले एक कुख्यात गिरोह के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका भंडाफोड़ करने के लिए एक स्पेशल टास्क फोर्स अधिकारी और एक अंडरकवर एजेंट जान की बाजी लगाते हैं।   
 
फिल्म में धनुष, ममूटी, साई पल्लवी, श्रीलीला, नसीरुद्दीन शाह और इंद्रांस जैसे दिग्गज कलाकार नजर आ रहे हैं। समीक्षाओं की बात करें तो एएसपी नित्या रेड्डी के किरदार में साई पल्लवी के दमदार अभिनय की हर तरफ तारीफ हो रही है। 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
O.M.: Operation Mole रिव्यू: लाल चंदन की तस्करी, खूनी खेल और अंडरकवर मिशन, लेकिन रोमांच की कसौटी पर कमजोर