1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. bharti singh birthday unknown facts career struggle sudesh lehri

कॉमेडियन नहीं डांसर बनना चाहती थीं 'लाफ्टर क्वीन' भारती सिंह, सुदेश लहरी ने ऐसे बदली थी किस्मत

Bharti Singh Birthday
भारतीय टेलीविजन इंडस्ट्री में जब भी कॉमेडी और टाइमिंग की बात आती है, तो जुबां पर सबसे पहला नाम 'लाफ्टर क्वीन' भारती सिंह का आता है। अपने चुटीले अंदाज और बेबाक कॉमिक सेंस से करोड़ों दिलों पर राज करने वाली भारती सिंह 3 जुलाई को अपना जन्मदिन सेलिब्रेट कर रही हैं। 
 
पंजाब के अमृतसर की गलियों से निकलकर मुंबई की मायानगरी में 'कॉमेडी क्वीन' बनने तक का भारती सिंह का सफर किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। क्या आप जानते हैं कि आज दूसरों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने वाली भारती कभी कॉमेडियन बनना ही नहीं चाहती थीं? उनका असली जुनून कुछ और ही था। 
कॉमेडी नहीं, डांस था भारती सिंह का पहला प्यार
आज भले ही भारती सिंह का नाम सुनते ही लोगों के चेहरे खिल जाते हैं, लेकिन बचपन से उनका सपना एक प्रोफेशनल डांसर बनने का था। एक मशहूर डांस रियलिटी शो के मंच पर खुद भारती ने इस राज से पर्दा उठाया था। उन्होंने बेहद भावुक होकर कहा था, मैं वास्तव में अपनी लाइफ में एक डांसर बनना चाहती थी। डांस हमेशा से मेरा जुनून रहा है। जब भी मैं मंच पर लोगों को डांस करते देखती हूं, मेरा दिल मचल उठता है।
 
भारती सिंह की कामयाबी की चमक के पीछे संघर्ष का एक बहुत बड़ा अंधेरा रहा है। एक इंटरव्यू के दौरान भारती ने अपने जीवन का सबसे दर्दनाक सच साझा किया था। उन्होंने बताया था कि उनकी मां बेहद गरीबी और तंगहाली के दौर से गुजर रही थीं। हालात इतने बुरे थे कि जन्म से पहले उनकी मां उन्हें इस दुनिया में नहीं लाना चाहती थीं, इसके लिए उन्होंने कई बार कोशिशें भी कीं।
 
भारती अक्सर याद करती हैं कि उनके पिता के जाने के बाद उनकी मां ने लोगों के घरों में काम करके और कंबल सिलकर उन्हें पाला। इसी गरीबी के कारण भारती को बचपन से ही एक अजीब सी नफरत थी, जिसे भूलकर वह आगे बढ़ीं।
एनसीसी कैंप और सुदेश लहरी की पारखी नजर
कहते हैं कि 'हीरे की परख सिर्फ जौहरी को ही होती है।' भारती सिंह के भीतर छिपे टैलेंट के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। अमृतसर में कॉलेज के दिनों के दौरान भारती एनसीसी में थीं। एक दिन एक एनसीसी कैंप के दौरान मशहूर कॉमेडियन सुदेश लहरी की नजर भारती सिंह पर पड़ी। सुदेश लहरी ने भारती के बात करने के अंदाज और उनकी हाजिरजवाबी में एक सुपरस्टार को देख लिया था।
 
सुदेश लहरी ने बिना देर किए भारती को एक रोल ऑफर किया। बस, यही वह टर्निंग पॉइंट था जिसने भारती की जिंदगी का रुख मोड़ दिया। इसके बाद अमृतसर से शुरू हुआ यह सफर 'द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज' के मंच तक पहुंचा, जहां उनके 'लल्ली' के किरदार ने पूरे देश को हंसने पर मजबूर कर दिया।
 
आज हैं इंडस्ट्री की सबसे महंगी होस्ट और कॉमेडियन
सुदेश लहरी के दिए उस पहले ब्रेक के बाद भारती ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। कपिल शर्मा शो से लेकर देश के सबसे बड़े रियलिटी शोज़ को होस्ट करने तक, भारती आज एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का एक बड़ा ब्रांड बन चुकी हैं। अपने पति हर्ष लिंबाचिया के साथ मिलकर वह पॉडकास्ट और डिजिटल स्पेस में भी तहलका मचा रही हैं।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
CJP के आंदोलन से दूरी बनाने पर दिलजीत दोसांझ ने तोड़ी चुप्पी, बोले- मैं कलाकार हूं, नेता नहीं...