1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव
  4. »
  5. दिल्ली

शीला की हैट्रिक के आसार

चुनाव 2008
नई दिल्ली। स्टार न्यूज और नील्सन के चुनाव पूर्व दूसरे और आखिरी सर्वेक्षण का अनुमान है कि दिल्ली में तीसरी बार शीला दीक्षित की सरकार बन सकती है। दिल्ली के 31 विधानसभा क्षेत्रों में 15 से 20 नवंबर के बीच 6274 मतदाताओं के बीच किए गए इस सर्वेक्षण में पहले चरण के सर्वेक्षण में शामिल सवालों को ही दोहराया गया लेकिन नतीजे बदल गए। नील्सन और स्टार न्यूज ने पहला सर्वेक्षण 27 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच किया था। तब कई प्रमुख पार्टियों ने अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा भी नहीं की थी।

दूसरे चरण के सर्वेक्षण का अनुमान है कि कांग्रेस को 2003 के चुनाव में मिले वोट में 4.6 फीसदी की कमी आएगी और भाजपा को 2.7 फीसदी ज्यादा वोट मिलेंगे। सर्वेक्षण के पहले चरण में कांग्रेस को होने वाला घाटा 6.1 आंका गया था जबकि भाजपा को होने वाला फायदा 4.2 फीसदी। दूसरे चरण के सर्वेक्षण का आकलन है कि कांग्रेस को 43.5 फीसदी वोट और 39 सीटें मिलेंगी जबकि भाजपा 38 फीसदी वोट के साथ 27 सीटें जीत पाएगी। बसपा या दूसरे दल 18 फीसदी से ज्यादा वोट लाएंगे लेकिन 3 से ज्यादा सीट नहीं ले पाएंगे।

सुधरा शीला का ग्राफ : इस सर्वेक्षण में भी मतदाता मूल्यवृद्धि, विधि व्यवस्था, रोजगार, आतंकवाद और गरीबों के साथ न्याय को चुनावी मुद्दों की सूची में सबसे ऊपर रखे हुए हैं। वोटरों की नजर में भ्रष्टाचार, गरीबी और पेयजल की समस्या गंभीर है। लेकिन दस साल से चल रही शीला दीक्षित की सरकार के प्रदर्शन को 46 फीसदी मतदाता अच्छा या बहुत अच्छा मानते हैं जबकि इसे बुरा या बदतर मानने वालों की तादाद 16 फीसदी है। सर्वेक्षण में शामिल 50 फीसदी लोगों का मानना है कि पिछले पांच साल में जीवनस्तर में सुधार हुआ है जबकि 13 फीसदी मानते हैं कि यह खराब हुआ है। शीला दीक्षित के प्रदर्शन को 48 फीसदी लोग अच्छा या बहुत अच्छा मानते हैं जबकि 16 फीसदी लोग ऐसे हैं जो उसे बेकार ठहराते हैं।

पहले चरण के सर्वेक्षण के मुकाबले शीला सरकार के प्रदर्शन को बुरा मानने वालों की संख्या में 4 फीसदी की कमी आई है जबकि पिछले पांच साल के जीवनस्तर को बेहतर बताने वालों की संख्या 4 फीसदी बढ़ गई है। भाजपा के विपक्षी तेवर को अच्छा और बहुत अच्छा मानने वालों की संख्या 38 फीसदी रही जो पिछले सर्वेक्षण के मुकाबले 7 फीसदी ज्यादा है।

मल्होत्रा बहुत पीछे : जब वोटरों से पूछा गया कि दिल्ली के लिए कौन बेहतर मुख्यमंत्री होगा तो शीला दीक्षित के पक्ष में 43 फीसदी लोग थे जबकि विजय कुमार मल्होत्रा के पक्ष में 16 फीसदी। पिछले सर्वेक्षण में शीला को पसंद करने वाले 37 फीसदी थे जिसमें शीला ने 6 फीसदी का इजाफा किया है।

नेताओं की छवि के सवाल पर शीला को 57 फीसदी, मल्होत्रा को 20 फीसदी और मदन लाल खुराना को 15 फीसदी वोटरों ने पसंद किया। कांग्रेस की छवि को 49 फीसदी वोटरों ने अच्छा माना जबकि भाजपा को 34 फीसदी। बसपा की छवि को बढ़िया मानने वाले 8 फीसदी मिले जबकि एनसीपी को 5 फीसदी वोटरों ने पसंद किया।

मनमोहन का स्कोर कार्ड : सर्वेक्षण में शामिल 42 फीसदी वोटरों ने कहा कि केंद्र सरकार का कामकाज बढ़िया है जबकि औसत मानने वाले भी 41 फीसदी रहे। यूपीए सरकार के कामकाज को घटिया बताने वालों की संख्या महज 13 फीसदी थी। पिछले सर्वेक्षण में बढ़िया बताने वाले 38 फीसदी थे। प्रधानमंत्री के रूप में मनमोहन सिंह के प्रदर्शन में भी पिछले सर्वेक्षण की तुलना में सुधार हुआ है और वह 50 फीसदी से बढ़कर 54 फीसदी तक पहुँच गया है। मनमोहन के प्रदर्शन को औसत मानने वाले 33 फीसदी और बुरा मानने वाले 11 फीसदी निकले।

महिलाओं में भी सोनिया पर भारी हैं मनमोहन : प्रधानमंत्री पद के लिए मनमोहन को 22, सोनिया गाँधी को 13, राहुल गाँधी को 11, अटल बिहारी वाजपेयी को 12 और लालकृष्ण आडवाणी को 10 फीसदी वोटरों ने पसंद किया। खास बात ये रही कि सर्वेक्षण में शामिल महिला वोटरों में 20 फीसदी ने मनमोहन को प्रधानमंत्री पद के लिए बेहतर बताया। सोनिया को बेहतर बताने वालों की संख्या 16 फीसदी ही रही। (नईदुनिया)