अयोध्या एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात हुआ 'महाबली', दुबई से आया करोड़ों का फायर टेंडर
Ayodhya airport security update: महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, अयोध्याधाम की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य और अत्याधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। यात्रियों और विमानों की आपातकालीन सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एयरपोर्ट के बेड़े में विश्वस्तरीय Airfield Rescue and Fire Fighting (ARFF) फायर टेंडर शामिल किया गया है। इसके आगमन से एयरपोर्ट की अग्निशमन और आपातकालीन रिस्पॉन्स क्षमता कई गुना बढ़ गई है।
दुनिया की अग्रणी कंपनी ने किया तैयार
एयरपोर्ट निदेशक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि यह हाईटेक ARFF वाहन संयुक्त अरब अमीरात (दुबई) से आयात किया गया है। इसे फायरफाइटिंग तकनीक में दुनिया की अग्रणी कंपनी NAFFCO ने विशेष रूप से डिजाइन किया है। इस अत्याधुनिक वाहन की अनुमानित लागत लगभग 6.7 करोड़ रुपए है।
36 टन वजन और 10,000 लीटर पानी की विशाल क्षमता
इस वाहन की असली ताकत इसकी विशाल क्षमता है। लगभग 36 टन भारी इस 'सुरक्षा कवच' में 10,000 लीटर पानी ले जाने की क्षमता है, जो किसी भी बड़ी विमान दुर्घटना या भीषण आग पर तुरंत काबू पाने में सक्षम है। आग बुझाने के लिए इसमें दो शक्तिशाली मॉनिटर लगाए गए हैं—एक आगे के बंपर पर और दूसरा छत पर। यह 360-डिग्री कवरेज के साथ चारों तरफ से पानी और फोम की बौछार कर सकता है।
मिनटों में पहुंचेगा रनवे पर
विशालकाय होने के बावजूद इस वाहन की रफ्तार हैरान करने वाली है। यह 115 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज गति से दौड़ सकता है। दिन हो या रात, किसी भी आपात स्थिति में यह बिना समय गंवाए महज कुछ ही सेकंडों में रनवे पर घटनास्थल तक पहुंच जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरी उतरी अयोध्या एयरपोर्ट की सुरक्षा
एयरपोर्ट निदेशक के अनुसार, इस नए ARFF वाहन के शामिल होने से अयोध्या अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का अग्नि सुरक्षा ढांचा अब वैश्विक मानकों (International Standards) के समकक्ष आ गया है। अयोध्याधाम एयरपोर्ट अब भविष्य की किसी भी आपात स्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह से मुस्तैद और तैयार है।

