1. समाचार
  2. व्यापार
  3. शेयर बाजार
  4. Latest Mumbai Stock Exchange Prices for 14 August 2025
Last Updated :मुंबई , गुरुवार, 14 अगस्त 2025 (16:51 IST)

उतार चढ़ावभरे कारोबार के बाद Share bazaar स्थिर बंद, Sensex 58 और Nifty 12 अंक चढ़ा

Mumbai Stock Exchange
Share bazaar News: अमेरिका-रूस वार्ता (US-Russia talks) से पहले निवेशकों के सतर्क रुख अपनाने से गुरुवार को स्थानीय शेयर बाजार बेहद उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में लगभग स्थिर बंद हुए। सेंसेक्स (Sensex) में 58 अंक और निफ्टी में 12 अंक की मामूली तेजी रही। बीएसई (BSE) का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स दूसरे दिन भी बढ़त बनाए रखते हुए 57.75 अंक यानी 0.07 प्रतिशत चढ़कर 80,597.66 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 211.27 अंक बढ़कर 80,751.18 अंक पर पहुंच गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी (Nifty) 11.95 अंक यानी 0.05 प्रतिशत बढ़कर 24,631.30 अंक पर पहुंच गया।
 
इन प्रमुख कंपनियों के शेयरों में रहा उतार-चढ़ाव : सेंसेक्स की कंपनियों में से इटर्नल, इन्फोसिस, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक, बजाज फिनसर्व और टाइटन के शेयरों में प्रमुख रूप से तेजी रही। हालांकि टाटा स्टील, टेक महिंद्रा, अदाणी पोर्ट्स और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों में गिरावट का रुख रहा।ALSO READ: ट्रंप टैरिफ ने निवेशकों को डराया, शेयर बाजार 3 माह के निचले स्तर पर, कैसा रहेगा अगला सप्ताह?
 
ट्रंप और पुतिन (Trump and Putin) की बैठक पर नजर : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच 15 अगस्त को होने वाली बैठक का ऊर्जा बाजारों पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ सकता है। ऐसी चर्चा है कि रूस पर लगे पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों में ढील दी जा सकती है। इस बीच एसएंडपी ने लगभग 19 वर्षों के अंतराल के बाद भारत की सरकारी क्रेडिट रेटिंग में सुधार करते हुए स्थिर दृष्टिकोण के साथ 'बीबीबी' कर दिया है।
 
एशियाई (Asian) और अमेरिकी (American) बाजारों में : एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी सकारात्मक दायरे में बंद हुआ जबकि जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोप के ज्यादातर बाजार दोपहर के कारोबार में लाभ में थे। अमेरिकी बाजार बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।ALSO READ: रिलायंस ने सरकारी खजाने में जमा किए 2.10 लाख करोड़, शेयरधारकों को 5 गुना मूल्य दिया
 
मुद्रास्फीति घटकर शून्य से नीचे 0.58 प्रतिशत : गुरुवार को जारी सरकारी आंकड़ों के मुताबिक जुलाई में थोक मुद्रास्फीति घटकर शून्य से नीचे 0.58 प्रतिशत रही, जो 2 साल का निचला स्तर है। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.53 प्रतिशत बढ़कर 65.92 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।ALSO READ: NSDL के IPO पर टूट पड़े निवेशक, जानिए कब होगी शेयर बाजार में लिस्टिंग?
 
एफआईआई (FII) ने बुधवार को 3,644.43 करोड़ रुपए के शेयर बेचे : शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 3,644.43 करोड़ रुपए के शेयर बेचे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,623.79 करोड़ रुपए के शेयरों की खरीदारी की। बुधवार को सेंसेक्स 304.32 अंक चढ़कर 80,539.91 अंक और निफ्टी 131.95 अंक बढ़कर 24,619.35 अंक पर बंद हुआ था।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
मध्यप्रदेश में पुलिस की नई इमरजेंसी सर्विस डायल-112 शुरू, जानें क्या और क्यों है खास Dial-112?