1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Jammu-Srinagar National Highway

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पांचवें दिन भी रहा बंद, बर्फबारी ने बढ़ाई मुसीबत

Jammu-Srinagar National Highway
श्रीनगर। जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग शुक्रवार पांचवें दिन भी बंद रहा। अधिकारियों ने सड़क को यातायात के लिए खोलने की कोशिश की लेकिन ताजा बर्फबारी के चलते उनकी यह कोशिश नाकाम हो गई।


हिमस्खलन होने के बाद जवाहर सुरंग की दोनों ट्यूब काजीगुंड की ओर से मंगलवार को बंद हो गई थी। अधिकारी ने बताया कि रुक-रुक कर हो रही बर्फबारी के चलते सड़क से बर्फ हटाने में परेशानी हो रही है। यातायात विभाग के एक अधिकारी ने बताया, जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग अभी भी यातायात के लिए बंद है। वाहनों की जल्द से जल्द आवाजाही शुरू करने के प्रयास जारी हैं।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह से घाटी के अन्य हिस्सों में भी बर्फबारी हो रही है। श्रीनगर शहर में तड़के करीब दो इंच बर्फबारी हुई। इस बीच, बीती रात सभी जगहों पर न्यूनतम तापमान गिरने से कश्मीर में शीतलहर बढ़ गई है।

अधिकारी ने कहा कि श्रीनगर में बीती रात न्यूनतम तापमान शून्य से 1.3 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती लद्दाख क्षेत्र में लेह का न्यूनतम तापमान शून्य से 12.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं कारगिल का न्यूनतम तापमान शून्य से 18.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।