1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Snowflall in Kashmir, ladakh

कश्मीर, लद्दाख में फिर बर्फबारी, मौसम विभाग ने दी हिमस्खलन की चेतावनी

Kashmir valley
श्रीनगर। कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से भारी बर्फबारी होने के बाद मंगलवार शाम ताजा हिमस्खलन की  चेतावनी जारी की गई। इस बीच, श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर जवाहर सुरंग के एक मुख्य द्वार पर आज सुबह हिमस्खलन हुआ, जिससे यह क्षतिग्रस्त हो गया। इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
 
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने आज शाम यहां बताया कि कश्मीर के संभागीय आयुक्त बसीर अहमद खान ने कश्मीर और लद्दाख के हिमस्खलन की आशंका वाले नौ जिलों में ताजा हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। ताजा हिमस्खलन की चेतावनी दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग और कुलगाम जिले, उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा और बांदीपोरा जिले और मध्य कश्मीर के बडगाम और गंदेरबल जिले के लिए जारी की गई है। 
 
उन्होंने कहा कि इसके अलावा लद्दाख क्षेत्र के कारगिल और लेह के लिए भी चेतावनी जारी की गयी है जो सड़कों पर अधिक बर्फ जमा हो जाने की वजह से पिछले करीब दो महीनों से कश्मीर से कटा हुआ है। खान ने सभी जिलों के उपायुक्तों से हिमस्खलन-प्रवण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को किसी परेशानी से बचने के लिए बाहर नहीं जाने की सलाह देने का आग्रह भी किया है। 
 
हालांकि किसी तरह की आपात स्थिति में लोग स्थानीय प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने सबंधित संभागीय आयुक्तों से एहतियाती कदम उठाने और किसी अप्रिय घटना को टालने के लिए राज्य आपदा मोचन बल, पुलिस और एंबुलेंस के साथ पैरा-मेडिकल स्टाफ को तैयार रखने का निर्देश भी दिया है।
अगला लेख
करीना के बाद अब प्रियंका गांधी को भोपाल से लोकसभा चुनाव लड़ाने की मांग