1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. goods train derailed in west bengal

बंगाल में मालगाड़ी के 5 डिब्बे पटरी से उतरे, रेल यातायात प्रभावित

goods train derailed
train accident : पश्चिम बंगाल में जलपाईगुड़ी जिले के न्यू मैनागुड़ी रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह एक खाली मालगाड़ी के 5 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद कई ट्रेनों के मार्गों में बदलाव किया गया। यह रेलवे मार्ग पूर्वोत्तर राज्यों को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ता है।
 
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह छह बजकर 20 मिनट पर हुए हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। गुवाहाटी से आ रही यह खाली मालगाड़ी न्यू जलपाइगुड़ी जा रही थी।
 
अलीपुरद्वार के संभागीय रेलवे प्रबंधक (डीआरएम) अमर जीत गौतम ने बताया कि इस मार्ग पर साढ़े 12 बजे ट्रेनों का यातायात आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया। क्षतिग्रस्त डिब्बों को पटरी के आसपास से हटाया जा रहा है और इस कार्य के पूरा हो जाने एवं पटरी के ऊपर से गुजर रहे तारों को दुरूस्त कर लिये जाने के बाद सामान्य (ट्रेन) परिचालन बहाल हो जायेगा।
 
अधिकारी ने बताया कि डिब्बों के पटरी से उतरने के कारण ऊपर मौजूद बिजली के तार और कुछ खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। क्षेत्र में 5 समानांतर रेल पटरियां हैं और उनमें से कुछ पर ट्रेन परिचालन अवरूद्ध हो गए। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गये हैं तथा डिब्बों के पटरी से उतरने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रहे हैं।
Edited by : Nrapendra Gupta 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
कुशीनगर में जाली नोट के कारोबार में लिप्त गिरोह का भंडाफोड़, 10 आरोपी गिरफ्तार