इजरायल का लेबनान पर सबसे घातक अटैक, 1300 हिजबुल्लाह ठिकानों को ठोका, 500 से ज्यादा मौतें, 5 हजार जख्मी
- इजराइली 1300 हिजबुल्लाह ठिकानों पर किया हमला
- 500 लोगों की मौत, मरने वालों में 35 बच्चे 90 महिलाएं
- 2006 के इजराइल-हिजबुल्लाह युद्ध के बाद सबसे घातक हमला
- अब तक 5 हजार लोग जख्मी हुए हैं
ऑपरेशन नॉर्दर्न एरो : इजरायली सेना ने खुलासा किया कि लेबनान में हिजबुल्लाह ने आम लोगों के घरों में विस्फोटक हथियार छिपाकर रखे थे। इजरायली सेना ने यह भी दावा किया कि हिजबुल्लाह हम पर मिसाइल छोड़ने वाला था। आईडीएफ के अनुसार इजरायल से मुकाबले के लिए हिजबुल्लाह ने लेबनान के घरों को लांचिंग पैड बनाया था।
इजरायली रक्षा बल (IDF) इसे 'ऑपरेशन नॉर्दर्न एरो' कह रहे हैं। इजरायली सेना का कहना था कि लेबनान में हिजबुल्लाह हाइड्रॉलिक सिस्टम से लैस मिसाइल से इजरायली धरती पर हमला करने की योजना बना रहा था। वह हमले की पूरी तैयारी कर चुका था। इसलिए हमें उसे रोकने के लिए लेबनान पर हमला करना पड़ा।
हिजबुल्लाह का सबसे बड़ा कमांडर ढेर : इजरायली रक्षा बलों के अधिकारियों ने कहा कि सोमवार को उन्होंने हिजबुल्लाह के दक्षिणी मोर्चे के कमांडर अली कराकी को निशाना बनाकर बेरूत में हवाई हमला किया। हिजबुल्लाह ने बाद में पुष्टि की है कि वह मारा नहीं गया। कराकी पर हमला बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि हिजबुल्लाह चीफ हसन नसरल्लाह के बाद वह दूसरा सबसे सीनियर कमांडर है। शुक्रवार को इजरायल ने हमास के सीनीयर कमांडर इब्राहिम अकील को ढेर कर दिया, जो कराकी के रैंक का ही कमांडर था।
इजराइली के हमलों में 492 लोगों की मौत : लेबनान के अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को लेबनान पर इजराइली हमलों में 492 लोग मारे गए, जिनमें 90 से अधिक महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। यह 2006 के इजराइल-हिजबुल्लाह युद्ध के बाद सबसे घातक हमला है। इजराइली सेना ने हिजबुल्लाह के खिलाफ अपने एयर स्ट्राइक से पहले दक्षिणी और पूर्वी लेबनान के निवासियों को अपने घरों को खाली करने की चेतावनी दी है। इसकी वजह से हजारों लेबनानी दक्षिण की ओर भाग गए, और दक्षिणी बंदरगाह शहर सिडोन से बाहर निकलने वाला मुख्य हाइवे 2006 के बाद से सबसे बड़े पलायन में बेरूत की ओर जाने वाली कारों से जाम हो गया।
क्या अपील की इजराइल ने : एक रिकॉर्ड किए गए मैसेज में इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने लेबनानी नागरिकों से खाली करने के लिए इजराइली कॉल पर ध्यान देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस चेतावनी को गंभीरता से लें। नेतन्याहू ने कहा कि खतरे से दूर हो जाएं। एक बार हमारा ऑपरेशन खत्म हो जाने के बाद आप सुरक्षित रूप से अपने घरों में वापस आ सकते हैं। इजराइल के सैन्य प्रवक्ता, रियर एडमिरल डैनियल हैगरी ने कहा कि सेना हिजबुल्लाह को लेबनान की इजराइल सीमा से खदेड़ने के लिए जो भी आवश्यक होगा करेगी।
इजरायल में भी अलर्ट : इन पूरे हालातों के बाद इजराइल में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इजराइल की कैबिनेट ने देश में विशेष परिस्थितियां लागू करने की मंजूरी दे दी है। इजराइल में विशेष परिस्थिति एक कानूनी टर्म है, जिसे इमरजेंसी की स्थिति में इस्तेमाल किया जाता है। इस स्थिति में सरकार को विशेष अधिकार मिल जाते हैं ताकि लोगों की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाए जा सकें। पहले इसे 48 घंटे के लिए लागू किया जाता है और बाद में इसे हालात के मुताबिक बढ़ाया जा सकता है।
हिजबुल्लाह को भारी नुकसान : इजराइल के सैन्य प्रवक्ता, रियर एडमिरल डैनियल हैगरी ने दावा किया कि सोमवार को किए गए हवाई हमलों ने हिजबुल्लाह को भारी नुकसान पहुंचाया है। लेकिन उन्होंने चल रहे ऑपरेशन के लिए कोई समयसीमा नहीं बताई और कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो इजराइल लेबनान पर जमीनी आक्रमण करने के लिए तैयार है।
अमेरिका पश्चिम एशिया में भेजेगा अपने सैनिक : पेंटागन ने सोमवार को कहा कि लेबनान में हिंसा को देखते हुए अमेरिका ने अतिरिक्त सैनिक भेजने का फैसला किया है। उन्होंने कहा है कि पश्चिम एशिया में संघर्ष बढ़ने का खतरा बढ़ गया है।
Edited By: Navin Rangiyal

