1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. weather update 31st january snowfall and rain

कही बर्फबारी की आफत तो कही बारिश से राहत, अगले 24 घंटे में कहां कैसा रहेगा मौसम?

weather update
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तरखंड में बर्फबारी की वजह से कई स्थानों पर जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। बर्फबारी की वजह से कई सड़कें बंद है। इधर पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत उत्तर-पश्चिम मैदानी इलाकों में बारिश कमी आई है।  
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी हिमालय के पहाड़ी इलाकों में हल्की से लेकर भारी बारिश और बर्फबारी जारी रहने की संभावना है। तमिलनाडु के अधिकांश स्थानों पर अगले 2 दिनों तक बारिश की संभावना है।
 
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों के दौरान महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिर सकता है। 1 फरवरी तक उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है। देश के पूर्वी हिस्सों में 1 फरवरी तक न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने और उसके बाद गिरने की उम्मीद है।
 
मौसम एजेंसी स्कायमेट के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी हिमालय में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी जारी रहेगी और उसके बाद इसमें काफी कमी आएगी। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और मध्य भागों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। उत्तर और उत्तर पूर्व मध्य प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर बारिश हो सकती है। हरियाणा, पंजाब और पूर्वी राजस्थान में मौसम साफ रहेगा।
 
जम्मू कश्मीर में हिमपात का कहर : श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग हिमपात और विभिन्न जगहों पर हुए भूस्खलन के कारण यातायात के लिए बंद है। घाटी में भारी हिमपात और खराब मौसम के कारण सोमवार को श्रीनगर हवाई अड्डे से सभी उड़ानें रद्द कर दी गई। खराब मौसम के कारण बारामुला-बनिहाल रेल लाइन पर ट्रेन सेवा भी निलंबित कर दी गई है। उधमपुर में गिरा पानी।
 
इन राज्यों में बारिश और हिमपात : उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हुई। राजस्थान में कई स्थानों पर बारिश और औले गिरने की खबर है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, तटीय तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
 
इन राज्यों में कोल्ड डे : पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति देखी गई। जम्मू कश्मीर, बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम राजस्थान और गुजरात क्षेत्र के कुछ हिस्सों में मध्यम कोहरा छाया रहा। 
 
Edited by : Nrapendra Gupta 
अगला लेख
धूमकेतु क्या है जानिए अंतरिक्ष के रहस्य