विधानसभा चुनाव से पहले UP भाजपा का बड़ा टेस्ट, 10 राज्यसभा सीटों पर चुनाव का ऐलान
कुल 12 सीटें, विधानसभा परिषद की 28 सीटों पर भी होगा चुनाव, इनमें भी सर्वाधिक यूपी से 11
Rajya Sabha elections 2026: चुनाव आयोग ने देश के चार प्रमुख राज्यों के लिए आगामी राज्यसभा और विधान परिषद (MLC) चुनावों के विस्तृत कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। इसके तहत उत्तर प्रदेश की 10 सीटों समेत कुल 12 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। यूपी में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए इस राज्यसभा चुनाव को राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आयोग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कुल 12 राज्यसभा सीटों में से सबसे अधिक 10 सीटें उत्तर प्रदेश की हैं। इसके अलावा 1 सीट उत्तराखंड की है, जहां से भाजपा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। वहीं, पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद रुक्मिणी मलिक के इस्तीफे के कारण खाली हुई एक सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा।
आगामी 25 नवंबर को राज्यसभा के कुल 11 सांसदों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इनमें भाजपा के 8 सांसद- केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, नरेश बंसल, बृजलाल, सीमा द्विवेदी, चंद्रप्रभा, नीरज शेखर, अरुण सिंह और बीएल वर्मा शामिल हैं। इसके अलावा समाजवादी पार्टी (SP) के प्रोफेसर रामगोपाल यादव और बहुजन समाज पार्टी (BSP) के एकमात्र सांसद रामजी का कार्यकाल भी पूरा हो रहा है।
क्या राज्यसभा चुनाव का शेड्यूल?
चुनाव आयोग की जानकारी के मुताबिक अधिसूचना (Notification) जारी होने की तारीख 29 सितंबर है, जबकि 6 अक्टूबर तक नामांकन जमा किए जा सकेंगे। नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर है। 16 अक्टूबर (शुक्रवार) को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि उसी दिन देर शाम तक नतीजे आने की संभावना) है।
28 विधान परिषद सीटों पर भी होगा चुनाव
राज्यसभा चुनावों के साथ ही चुनाव आयोग ने चार राज्यों की 28 विधान परिषद सीटों के लिए भी बिगुल बजा दिया है। इनमें उत्तर प्रदेश से 11 सीटें, बिहार की 8, महाराष्ट्र की 5 और कर्नाटक की 4 सीटें हैं। विधान परिषद सीटों के लिए मतदान 23 अक्टूबर को होगा। चुनाव आयोग ने घोषणा के साथ ही संबंधित राज्यों के चुनावी क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू कर दी है।

