1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. MLA son runs over 3 labourers, 2 women with Thar
Last Updated : शुक्रवार, 17 अप्रैल 2026 (15:37 IST)

विधायक के बेटे ने थार से 3 मजदूरों 2 महिलाओं को रौंदा, बोला- बाइक पर 3 लोग क्यों बैठे थे, विधायक ने कही ये बात

MLA Pritam Lodhi
मध्य प्रदेश के शिवपुरी में विधायक के बेटे ने अपनी थार गाड़ी से पांच लोगों को टक्कर मार दी। गाड़ी काफी तेज गति से जा रही थी। ऐसे में पांचों लोग घायल हो गए। घायलों ने जब लापरवाही से गाड़ी चलाने पर सवाल किया तो विधायक के बेटे ने कहा कि सायरन बजाया तो था, हटे क्यों नहीं। इसके बाद वीडियो बना रहे लोगों को भी मना किया।

मामला करैरा तहसील का है। पिछोर विधानसभा से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के पुत्र दिनेश लोधी ने लापरवाही से अपनी थार कार चलाते हुए बाइक सवार तीन मजदूरों और पैदल जा रही दो महिलाओं को टक्कर मार दी, जिससे पांचों घायल हो गए। खबर के मुताबिक यह घटना करेरा कस्बे में उस समय हुई जब तीन युवा मजदूर—संजय परिहार, आशीष परिहार और अंशुल परिहार—एक मोटरसाइकिल पर काम पर जा रहे थे।

बताया जा रहा है कि दिनेश लोधी इन दिनों करैरा विधानसभा क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाने के लिए करैरा में ही रह रहे हैं। घटना के समय वह जिम जाने के लिए निकले थे, तभी यह हादसा हो गया।


वीडियो में कहा, हॉर्न दिया तो हटे क्‍यों नहीं : घायल आशीष परिहार और अंशुल परिहार ने दावा किया कि वाहन दिनेश लोधी चला रहा था। उन्होंने बताया कि कार के सामने ‘प्रीतम लोधी’ और आगे-पीछे दोनों तरफ ‘विधायक’ लिखा हुआ था। बता दें कि एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें दिनेश लोधी को कथित तौर पर घायलों से यह कहते सुना जा सकता है कि उन्होंने सायरन और हॉर्न बजाया था, फिर वे रास्ते से क्यों नहीं हटे और एक बाइक पर तीन लोग क्यों सवार थे।

क्‍या कहा विधायक लोधी ने : इधर हादसे के बाद विधायक प्रीतम लोधी ने फेसबुक पर आरोपी बेटे के खिलाफ कार्रवाई की करने कहा। उन्होंने लिखा विधायक के लिए पुत्र या परिवार बड़ा नहीं होता। जनता सर्वोपरि है। पुलिस प्रशासन करैरा के पीड़ितों को न्याय दिलवाए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पीछे से तेज गति से आई काले रंग की थार कार ने पहले बाइक को टक्कर मारी, जिससे तीनों युवक सड़क पर गिर गए। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर आगे बढ़ा और पैदल चल रही दोनों महिलाओं को भी अपनी चपेट में ले लिया।

पुलिस ने मामला दर्ज किया : हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों की मदद की। घटना में संजय, आशीष और अंशुल को सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं, जबकि सीता वर्मा और पूजा सोनी को कमर, कंधे और सिर में गंभीर चोटें लगीं। सभी घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। स्थानीय पुलिस ने संजय परिहार की शिकायत पर करेरा थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धारा 281 और 125(ए) के तहत लापरवाही और तेज़ गति से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है।
Edited By: Naveen R Rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
राहुल गांधी ने संसद में सुनाई कहानी, भाषण पर मचा बवाल, स्पीकर ने कार्यवाही से हटाया बयान