1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Infiltration attempt on LOC failed, 2 terrorists killed in encounter

LOC पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम, मुठभेड़ में 2 आत‍ंकी ढेर

Indian Army
जम्मू। भारतीय सेना ने पुंछ में एलओसी को पार करने की कोशिश कर रहे आतंकियों के एक गुट को घेरकर 2 आतंकियों को ढेर कर दिया। बाकी भागकर पुनः पाकिस्‍तानी सेना की शरण में चले गए हैं। घुसपैठ के प्रयास के उपरांत एलओसी पर हाईअलर्ट जारी करने का कारण वे सूचनाएं हैं, जिनमें कहा जा रहा है कि सैकड़ों आतंकी उस पार इंतजार में हैं।

रक्षाधिकारियों के बकौल, पुंछ में एलओसी से भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ कर रहे आतंकवादियों के प्रयास को सुरक्षाबलों ने नाकाम बना दिया है। यही नहीं इस दौरान सुरक्षाबलों ने भारतीय सीमा में प्रवेश कर 2 आतंकियों को मार भी गिराया है। सुरक्षाबलों की गोलीबारी के बाद बाकी आतंकवादी वापस पाकिस्तान की ओर भाग निकले।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि घुसपैठ का यह प्रयास आज तड़के किया गया। सैनिकों ने कुछ संदिग्धों को भारतीय सीमा में प्रवेश करते हुए देखा। भारतीय जवानों ने गोलीबारी से पहले उन्हें वापस लौटने की चेतावनी दी। इसके बाद जब घुसपैठियों ने भी जवानों पर गोलीबारी करते हुए भारतीय सीमा में प्रवेश करने की कोशिश की तो भारतीय जवानों द्वारा की गई गोलीबारी में एक आतंकी वहीं ढेर हो गया, जबकि एक आतंकी का बाद में मार गिराया गया।
रक्षा जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने बताया कि इलाके में अभियान अब भी जारी है। प्रवक्ता ने बताया कि 30 अगस्त को तड़के एलओसी के पार से आतंकियों ने पुंछ सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश की। सेना के मुस्तैद जवानों ने एकीकृत निगरानी ग्रिड के प्रभावी उपयोग से पुंछ सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश का पता लगा लिया।
उन्होंने बताया कि सेना के जवानों ने उन्हें ललकारा, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई, जिसमें 2 आतंकी मारे गए। लेफ्टिनेंट कर्नल आनंद ने बताया कि मुस्तैद सैनिकों की यह कार्रवाई एलओसी पर किसी भी दुस्साहस को नाकाम करने के भारतीय सेना के संकल्प को दिखाती है।
लेखक के बारे में
सुरेश एस डुग्गर
सुरेश डुग्गर वेबदुनिया के लिए जम्मू कश्मीर से समाचार संकलन के लिए अधिकृत हैं। वे तीन दशक से ज्यादा समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं।.... और पढ़ें
अगला लेख
किसान आंदोलन : करनाल लाठीचार्ज में शामिल अधिकारियों के खिलाफ दर्ज हो मामला, किसान महापंचायत में उठी मांग