भारत का स्टूडेंट खतरे में है, इंदौर में राहुल का मोदी सरकार पर हमला
राहुल गांधी की इंदौर में हुई सभा में ऐतिहासिक भीड़, करीब एक लाख लोग पहुंचे
शाम करीब साढ़े 6 बजे राहुल गांधी मंच पर पहुंचे। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले की सपना गुजरे ने राहुल से बात की। उन्होंने कहा- बीजेपी सरकार कोर्ट का हवाला देकर हमारी सारी नियुक्तियों को होल्ड कर देती है। सपना ने बताया कि उसने दो एग्जाम पास कर रखी हैं, लेकिन अभी भी बेरोजगार हैं। सरकार ने कई क्षेत्रों में स्टे लगा रखा है, सुप्रीम कोर्ट ने कई बार मध्यप्रदेश सरकार को फटकार लगाई, लेकिन जूं तक नहीं रेंगती उनके कान में।
राहुल ने अलग-अलग जिलों के छात्र-छात्राओं को मंच पर बुलाया। विद्यार्थियों ने कहा कि पिछले 8 साल से सड़क पर उतरकर लड़ाई लड़ रहे हैं। राहुल आपको न्याय का देवता कहा जाता है, हमें अब आप ही न्याय दिलाएं।
याशिका दानी नर्सिंग स्टूडेंट ने कहा कि वो थर्ड ईयर में है, लेकिन आज तक न तो रिजल्ट आया है न डिग्री मिली है। भोपाल में इसे लेकर आंदोलन किया, मैं बहुत उम्मीद के साथ यहां आपके सामने आई हूं, मेरे पापा अफोर्ड नहीं कर पा रहे थे मेरा नर्सिंग कोर्स, इसलिए मैंने कॉल सेंटर में काम किया और एडमिशन लिया था, लेकिन अब तो फ्यूचर बनाना ही मुश्किल हो गया है।
राहुल ने कहा कि देश पर सिस्टम का कब्जा
राहुल गांधी ने कहा कि इस सिस्टम में टॉप लेवल पर नरेंद्र मोदी बैठे हैं, ये सिस्टम को चलते हैं, बच्चों पर लाठियां चलवाते हैं। अमित शाह इस सिस्टम को लागू करते हैं, अजीत डोभाल फोन टैपिंग करवाते हैं। मोहन भागवत का संघ देश की यूनिवर्सिटियां चलाते हैं, अदानी इस पूरे सिस्टम को फाइनेंस करते हैं। यह फाइनेंस नरेंद्र मोदी की मार्केटिंग करने के लिए किया जाता है।
- राहुल के आयोजन में छात्रों की गूंज
- राहुल ने उज्जैन, देवास, अलीराजपुर, झाबुआ के स्टूडेंट से संवाद किया
- राहुल ने देश की शिक्षा और सिस्टम पर उठाए सवाल
- पीड़ित परिवारों को राहुल ने किया हग
- राहुल ने स्टूडेंट ने कहा आय एम प्राउड ऑफ यू एंड आई लव यू
हर सिस्टम में सरकार ने अपना एक आदमी बिठा रखा है। कपिल देव हैं, सचिन तेंदुलकर हैं, लेकिन सिस्टम ने अमित शाह के बेटे को क्रिकेट में बैठा रखा है, अमित शाह ने अपने बेटे को पूरा क्रिकेट दे रखा है।
सिर्फ दो लोग सिस्टम को चला रहे हैं
स्टूडेंट पूछता है कि आखिर कैसे सिर्फ दो लोग इस देश के सिस्टम को चला रहे है। स्टूडेंट पूछता है, लेकिन कोई जवाब नहीं है, क्योंकि अंधभक्त अपनी दुनिया में रहता है, वो सवाल नहीं पूछने देता। स्टूडेंट मोहब्बत की बात करता है, वहां अंधभक्त नफरत फैलाता है। स्टूडेंट महिला की इज्जत करता है, वहां अंधभक्त महिला का अपमान करता है। सिस्टम नहीं चाहता कि कोई सवाल पूछे, इसलिए सिस्टम अंधभक्त को तैयार करता है।
देखिए, अंधभक्त कहता है कि विकास नहीं चाहिए, मोदी जी विष्णु का अवतार हैं। अंधभक्त सवाल नहीं पूछता कि हमारे स्कूलों की हालत ऐसी क्यों हो गई, नीट पेपर क्यों लीक हो रहे हैं, स्टूडेंट क्यों मर रहे हैं राजधानी में? मनावर के एक स्टूडेंट ने बताया कि बैकलॉग में भर्तिया पेंडिंग पड़ी हैं। देवास से आए रणदीप ने राहुल को बताया कि मध्यप्रदेश लोकसेवा आयोग के सामने हमने विरोध किया अपनी मांगों को लेकर। सीएम मोहन यादव ने हमें बुलाया और कहा कि आपकी मांगें मान लेंगे, लेकिन दो दिन बाद उन्होंने हमें जेल में डाल दिया।
व्यापम तो बना ही मध्यप्रदेश में घोटाले के लिए है। इसमें किसी भी आरोपी को आज तक नहीं पकड़ा गया। पटवारी घोटाला हुआ, उसमें भी कुछ नहीं हुआ। जांच आयोग बनाया गया और कहा गया कि हम भर्ती करेंगे, लेकिन इन्होंने अचानक पता नहीं कब भर्ती कर दी। इंदौर को, इंदौर के कोचिंग को हम स्टूडेंट से रोजगार मिलता है, लेकिन हम स्टूडेंट को रोजगार नहीं मिलता। भोपाल से माखनलाल यूनिवर्सिटी से आए एक स्टूडेंट ने राहुल को अपनी तकलीफ बताई।
2029 में या तो राहुल गांधी पीएम बन जाएंं,या फिर...
राहुल ने कहा कि देश का सिस्टम चलाने वालों के बच्चे विदेशी यूनिवर्सिटी में पढ़ते हैं। स्टूडेंट ने कहा कि 2029 में या तो राहुल गांधी पीएम बन जाए या हम स्टूडेंट ही ठिकाने लग जाएं। राहुल ने कहा कि शिक्षा देश की नींव है, लेकिन इस सिस्टम ने इस नींव को ही हिला दिया है। मेरे पास आंकड़े हैं कि देश की शिक्षा कैसे बर्बाद हो रही है।
राहुल ने ग्राफ दिखाकर बताया कि आज देश में दस लाख टीचर के पद खाली पड़े हैं। स्कॉलर का पैसा कहां जा रहा है किसी को नहीं पता है। उज्जैन से आई स्टूडेंट ने बताया कि हम किराए से रहते हैं, आवास भत्ता योजना की हालात खराब है, किराया लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन इस वर्ग के लोगों का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। हॉस्टल में हम लोगों के लिए सीटें नहीं हैं। जब आप एक रुपए में हजारों एकड़ जमीन दे सकते हैं तो एक रुपए में शिक्षा क्यों नहीं दे सकते हैं। एक स्टूडेंट ने कहा कि मध्यप्रदेश में आदिवासी वर्ग की हालत खराब है।
राहुल गांधी ने कहा कि एक लाख सरकारी स्कूल बंद हुए हैं। इनमें से यह 55 प्रतिशत स्कूल मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश से बंद होते हैं। जब सरकार शिक्षा में कम पैसा डालती है तो सिस्टम खराब होता है, स्टूडेंट खतरे में आता है।
दिल्ली में हॉस्टल हादसे में मारे गए देवास के स्टूडेंट के परिजनों को राहुल ने स्टेज पर बुलाया। राहुल गांधी ने मृतक स्टूडेंट के पिता को गले लगाया। स्टूडेंट के परिवार ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि जब वो अपने बेटे का शव लेने दिल्ली गए तो कैसे दिल्ली सरकार ने उन्हें बिल्कुल सहयोग नहीं किया। राहुल ने करीब डेढ़ घंटे छात्रों से संवाद किया।

