अटल सेतु में दरारें, PM मोदी ने किया था उद्घाटन, भाजपा ने कांग्रेस के दावे को झूठा बताया
Cracks in Atal Setu: कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले (President Nana Patole) ने शुक्रवार को दक्षिण मुंबई को नवी मुंबई से जोड़ने वाले अटल सेतु समुद्री पुल के निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। पटोले ने कहा कि उद्घाटन के कुछ महीनों के अंदर ही इसमें दरारें आ गईं, जिससे लोगों की जान को खतरा पैदा हो गया है। दूसरी ओर, भाजपा ने कांग्रेस के इस आरोप को झूठा बताया है।
पटोले ने दिन में पुल का निरीक्षण किया और दावा किया कि पुल के निर्माण की गुणवत्ता खराब है और सड़क का एक हिस्सा एक फुट तक धंस गया है। हालांकि, सत्तारूढ़ भाजपा और इस परियोजना के लिए नोडल एजेंसी मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने कहा कि दरारें पुल पर नहीं, बल्कि नवी मुंबई में उल्वे से आने वाले मार्ग पर हैं।
18000 करोड़ की लागत से बना है सेतु : 'अटल सेतु' को मुंबई ट्रांस-हार्बर लिंक (MTHL) के नाम से भी जाना जाता है। दक्षिण मुंबई को नवी मुंबई से जोड़ने वाले इस सेतु का उद्घाटन इस साल जनवरी में हुआ था। 17,840 करोड़ रुपए की लागत से बना यह छह लेन का पुल 21.8 किलोमीटर लंबा है और इसमें 16.5 किलोमीटर लंबा समुद्री-लिंक भी है।
पटोले ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार की सभी सीमाएं पार कर दी हैं और लोगों की जान जोखिम में डाल दी है। उन्होंने कहा कि उद्घाटन के तीन महीने के अंदर ही अटल सेतु पुल के एक हिस्से में दरारें आ गईं और नवी मुंबई के पास सड़क का आधा किलोमीटर लंबा हिस्सा एक फुट तक धंस गया। राज्य ने एमटीएचएल के लिए 18,000 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
भाजपा ने कहा- यह अटल सेतु नहीं : कांग्रेस नेता के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा ने कहा कि जो दरारें दिख रही हैं, वे अटल सेतु पर नहीं बल्कि पुल तक जाने वाली सड़क पर हैं। भाजपा ने कहा कि तत्काल मरम्मत कार्य शुरू किया जा चुका है और अटल सेतु की छवि खराब करने की कोशिशें बंद होनी चाहिए।
एमएमआरडीए ने एक बयान जारी कर कहा कि एमटीएचएल पुल पर दरारों के बारे में अफवाहें फैल रही हैं। हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि ये दरारें पुल पर नहीं हैं, बल्कि एमटीएचएल को उल्वे से मुंबई की ओर जोड़ने वाली सड़क पर हैं। (भाषा/वेबदुनिया)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें