1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Arun Jaitley attacks Rahul Gandhi

अरुण जेटली का कांग्रेस अध्यक्ष पर कटाक्ष, मसखरे राजकुमार हैं राहुल गांधी

Arun Jaitley
नई दिल्ली। वित्तमंत्री अरुण जेटली ने राफेल विमान सौदे को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा सरकार पर किए जा रहे हमले के बीच गुरुवार को उनकी कड़ी आलोचना करते हुए उन्हें 'मसखरा राजकुमार' बताया और देश के 15 उद्योगपतियों के 2.5 लाख करोड़ रुपए के ऋण ऋण माफ करने के उनके बयान को झूठा करार दिया। 
 
जेटली ने फेसबुक पर लिखा है कि राफेल सौदे पर उन्होंने गत 29 अगस्त को भी एक ब्लॉग लिखकर कांग्रेस अध्यक्ष के झूठ का पर्दाफाश किया था। गांधी झूठ बोलने का अभियान चलाए हुए हैं। उनकी रणनीति साफ है कि एक झूठ बोलो और उसे दोहराते रहो। इससे मुद्दाविहीन कांग्रेस को बयानों, भाषणों के लिए कुछ मनगढ़ंत मसाला मिल जाता है।
 
उन्होंने कहा कि राफेल सौदे पर उनके द्वारा पूछे गए एक भी प्रश्न का कांग्रेस अध्यक्ष ने उत्तर नहीं दिया है। एक परिपक्व लोकतंत्र में जो झूठ पर अड़े होते हैं उन्हें सार्वजनिक जीवन के लिए अयोग्य माना जाता है। झूठ बोलने वाले कई लोग राजनीतिक गतिविधियों से बाहर कर दिए गए। लेकिन, यह नियम कांग्रेस जैसे 'राजवंशीय संगठन' पर लागू नहीं हो सकता।
 
वित्त मंत्री ने राफेल सौदे पर कांग्रेस अध्यक्ष के बयान को पहला बड़ा झूठ और देश के 15 उद्योगपतियों के 2.5 लाख करोड़ रुपए के ऋण मोदी सरकार द्वारा माफ किए जाने के आरोप को दूसरा बड़ा झूठ करार दिया। उन्होंने कहा कि इन दोनों बयानों से गांधी के झूठ का पता चलता है। (वार्ता)