सीएम डॉ. मोहन यादव ने एसआईआर को बताया जरूरी, कहा- भ्रम या अफवाह पर नागरिक न दें ध्यान
विश्वसनीय मतदाता सूची के निर्माण में सहभागी बनें युवा: CM डॉ. मोहन यादव
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा किए जा रहे संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को जरूरी बताया है। उनका मानना है कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए देश के वोटर को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। सभी का कर्तव्य है कि हम अपनी जिम्मेदारी निभाएं और एक सही वोटर लिस्ट को बनाने की प्रक्रिया में शामिल हों।
इसे लेकर सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा, लोकतंत्र की मजबूती में हर जागरूक मतदाता की भागीदारी जरूरी है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है कि मतदाता सूची भी अद्यतन, पारदर्शी और विश्वसनीय हो। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसमें मतदाता सूची का सत्यापन किया जा रहा है।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि एसआईआर को लेकर किसी भी तरह के भ्रम या अफवाह पर ध्यान न दें। फॉर्म 6 और डिक्लेयेरशन सहित पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित है। सही जानकारी के लिए सिर्फ निर्वाचन आयोग की आधिकारिक जानकारी और निर्धारित प्रक्रिया पर ही विश्वास करें।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मेरा आग्रह है कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी युवा अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं और प्रत्येक नागरिक अपने नाम की भी पुष्टि करे। आइए, अपनी जिम्मेदारी निभाएं और एक विश्वसनीय मतदाता सूची के निर्माण में सहभागी बनें।

