Yogi Adityanath : रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे CM योगी, अंतिम बिदाई में निकले आंसू, हरिद्वार में अंतिम संस्कार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अपनी मां सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में मां की अंतिम विदाई के दौरान योगी आदित्यनाथ ने उनकी पार्थिव देह को कंधा दिया। घर पर अंतिम रस्में हुईं, फिर सुबह अंतिम यात्रा हरिद्वार के लिए निकली। इस दौरान मां के अंतिम दर्शन कर सीएम योगी रो पड़े, उनके पार्थिव शरीर पर फूल चढ़ाए और अर्थी को कंधा दिया। इससे पहले वे रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे, उन्होंने खाना भी नहीं खाया। हरिद्वार के चांडी घाट पर अंतिम संस्कार हुआ।
सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। अंतिम संस्कार के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक नजर आए। उन्होंने अपनी मां की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।VIDEO | Panchur, Uttarakhand: Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath pays last respects to his mother with tears in his eyes as her mortal remains are taken to Chandi Ghat in Haridwar. (Full video available on PTI Videos - https://t.co/d8jp61yd2p) https://t.co/WjydyvRiU0
— Press Trust of India (@PTI_News) November 21, 2026
नास्ति मातृसमा छाया नास्ति मातृसमा गतिः। नास्ति मातृसमं त्राणं नास्ति मातृसमा प्रिया॥ https://t.co/usBszRtWjQ
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 21, 2026
पीएम मोदी ने फोन कर जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की और उनकी मां के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सावित्री देवी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने व्यक्तिगत क्षति के बावजूद सार्वजनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन जारी रखने के लिए योगी आदित्यनाथ की सराहना की।
धामी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “यह बेहद दुखद खबर है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां इस दुनिया से विदा हो गई हैं। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें। योगी जी समाज की सेवा में लगे हुए हैं, जो एक बेटे के रूप में उनके समर्पण को दर्शाता है। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करें।” समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, “हमारी संवेदनाएं उनके साथ हैं और हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उन्हें इस दुख को सहन करने की शक्ति और धैर्य मिले।”

