मंगलवार, 2 जुलाई 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. BJYM leader beats up tribal in Madhya Pradesh
Written By
Last Modified: भोपाल/अनूपपुर , बुधवार, 20 सितम्बर 2023 (23:03 IST)

MP में भाजयुमो नेता ने आदिवासी को पीटा, कांग्रेस ने CM चौहान से मांगा इस्तीफा

MP में भाजयुमो नेता ने आदिवासी को पीटा, कांग्रेस ने CM चौहान से मांगा इस्तीफा - BJYM leader beats up tribal in Madhya Pradesh
Madhya Pradesh News : मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में एक सड़क दुर्घटना के बाद भाजयुमो के नेता द्वारा एक आदिवासी व्यक्ति को कथित तौर पर चप्पलों से पीटने के वायरल वीडियो ने राज्य में राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया है। कांग्रेस ने बुधवार को सत्तारूढ़ भाजपा पर आदिवासियों पर अत्याचार रोकने में असफल रहने का आरोप लगाया।
 
कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने आरोप लगाया कि भाजपा आदिवासी अत्याचारों की पार्टी बन रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के इस्तीफे की मांग की। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), भारतीय जनता पार्टी की युवा शाखा है।
 
भाजपा ने कहा कि यह एक दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, लेकिन आरोप लगाया कि हमले में शामिल दो आरोपियों में से एक कांग्रेस का पदाधिकारी है। इस बीच, पुलिस ने आरोपी भाजयुमो नेता के खिलाफ अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है, जिसे पार्टी ने भी निष्कासित कर दिया है।
 
पुलिस अनुविभागीय अधिकारी सुमित केरकेट्टा ने कहा कि हिरवा सिंह गोंड (57) और भोमा सिंह (60) सोमवार को मोटरसाइकल पर राजेंद्र नगर से अनूपपुर की ओर जा रहे थे, तभी उनका दोपहिया वाहन एक पिकअप वाहन से टकरा गया।
 
अधिकारी ने बताया कि भोमा सिंह की मौत हो गई जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और दो लोगों ने मोटरसाइकल चला रहे गोंड की पिटाई कर दी। आदिवासी व्यक्ति के साथ चप्पल से मारपीट का एक वीडियो बाद में वायरल हो गया।
 
अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों की पहचान जितेंद्र कुशवाह और गणेश दीक्षित के रूप में हुई है, उन पर भारतीय दंड संहिता और अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि जांच शुरू कर दी गई है और आगे कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।
 
भाजपा के जिला अध्यक्ष रामदास पुरी ने कहा कि भाजयुमो मंडल अध्यक्ष (ग्रामीण) दीक्षित को संगठन से निष्कासित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज सेवा में विश्वास करती है और पार्टी में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। (सांकेतिक फोटो) 
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
ये भी पढ़ें
निज्जर की हत्या मामले में अमेरिकी विशेषज्ञ ने कनाडा के PM ट्रूडो के आरोप को बताया 'शर्मनाक'