1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव

लालू के पास कोई अचल संपति नहीं!

लालू प्रसाद यादव
यह बात अजब और चौंकाने वाली जरूर लग सकती है, लेकिन सारण संसदीय क्षेत्र से शनिवार को नामांकन दाखिल करने के समय लालू ने अपने हलफनामे में अपनी संपति का जो विवरण दिया है, उसके अनुसार उनके नाम कोई अचल संपति नहीं है, लेकिन उनकी पत्नी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी तथा उनके बच्चों के नाम करीब 1.2 करोड़ रुपए की कृषि और गैर कृषि योग्य भूमि है।

बैंक में जमा राशि के मामले में भी राबड़ी अपने पति से आगे हैं और उनके नाम विभिन्न बैंकों में लालू से अधिक राशि जमा है। राबड़ी के नाम जहाँ 24.12 लाख रुपए जमा हैं, वहीं लालू के नाम 12.11 लाख रुपए की राशि है।

बिहार के सबसे अधिक ताकतवर माने जाने वाले इस दंपति के नाम विभिन्न बैंकों में जहाँ 34.5 लाख रुपए की राशि जमा है, वहीं इनके बच्चों के नाम 57.7 लाख रुपए की राशि विभिन्न बैंकों में जमा है। राबड़ी के पास 28.5 लाख रुपए के भूखंड हैं।

करोड़ों रुपए के चारा घोटाला से जुड़े आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक धन रखने के मामले में सीबीआई की विशेष अदालत द्वारा लालू-राबड़ी को बरी कर दिया गया है। राबड़ी के पास दस लाख रुपए मूल्य की 60 गाएँ और 36 बछड़े भी हैं।

लालू के हलफनामे के अनुसार वर्ष 1977 में जब वे पहली बार लोकसभा सदस्य चुने गए थे, उन्होंने सेना द्वारा नीलाम की गई एक जीप खरीदी थी और इसकी कीमत वर्तमान में 10 हजार रुपए है तथा इसके अतिरिक्त उनके पास 1990 मॉडल की मारुति 800 जिसकी कीमत 15 हजार रुपए है।

लालू द्वारा आय के संबंध में दिए गए हलफनामे के अनुसार उनके पास करीब 95 हजार रुपए के कीमती रत्न हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास 5.5 लाख रुपये के जेवरात हैं।

लालू दंपति के पास दो लाख रुपए के राष्ट्रीय बचत पत्र हैं और इसे सीबीआई द्वारा चारा घोटाले जाँच के समय जब्त कर लिए जाने के कारण उनका नवीनीकरण नहीं किया जा सका है।

सारण संसदीय क्षेत्र से लालू के साथ चुनावी मैदान में जोर आजमाइश कर रहे भाजपा प्रत्याशी और पूर्व केन्द्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूड़ी की पत्नी नीलमसिंह भी उनसे अधिक धनवान हैं। नीलम के पास जहाँ 49.71 लाख बैंक में जमा राशि सहित अन्य संपत्तिया हैं, वहीं रूड़ी के पास कुल 40.58 लाख रुपए की संपत्ति है।
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें