लगातार दूसरे दिन शेयर बाजार में गिरावट, 3.5 फीसदी टूटा इंफोसिस का शेयर
Share market news in hindi : अमेरिकी बाजारों में कमजोरी और इंफोसिस के शेयरों में भारी बिकवाली के चलते मंगलवार को शुरुआती कारोबार में प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट हुई। इस दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 346.23 अंक या 0.47 फीसदी गिरकर 73,768.94 पर आ गया। एनएसई निफ्टी 124.80 अंक या 0.56 फीसदी गिरकर 22,335.50 पर था।
इंडसइंड बैंक का शेयर 23 फीसदी टूटा : इंडसइंड बैंक के शेयर में मंगलवार को सुबह के कारोबार में 23 फीसदी की गिरावट आई। लगातार पांचवें दिन गिरावट के साथ इंडसइंड बैंक का शेयर 52 सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंच गया। निजी क्षेत्र के बैंक ने अपने वायदा-विकल्प पोर्टफोलियो में कुछ विसंगतियों की सूचना दी थी, जिसके चलते यह गिरावट हुई।
बीएसई पर इंडसइंड बैंक का शेयर 22.8 फीसदी गिरकर 695.25 रुपये प्रति शेयर के निचले सर्किट पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर कंपनी का शेयर 21.67 फीसदी गिरकर 705.35 रुपये प्रति शेयर के 52 सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंच गया।
इन शेयरों में भी गिरावट : इंफोसिस का शेयर करीब 3.5 प्रतिशत टूट गया। सेंसेक्स के शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, जोमैटो, बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट, टेक महिंद्रा, अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील, कोटक महिंद्रा बैंक और एचडीएफसी बैंक में उल्लेखनीय गिरावट हुई। दूसरी ओर सन फार्मास्यूटिकल्स, आईसीआईसीआई बैंक, नेस्ले इंडिया, भारती एयरटेल, एनटीपीसी और टाइटन बढ़त में कारोबार कर रहे थे।
वैश्विक तेल सूचकांक ब्रेंट क्रूड 69.28 डॉलर प्रति बैरल पर स्थिर कारोबार कर रहा था। अमेरिका में मंदी की आहट से वहां के शेयर बाजार 4 फीसदी तक टूट गए। नैस्डेक, एसएंडपी 500 6 महीने के निचले स्तर के करीब पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 485.41 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। दूसरी ओर घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 263.51 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
edited by : Nrapendra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें