सोना 100 रुपये चमका, चांदी 250 रुपये मजबूत
Publish Date: Mon, 6 Feb 2017 (14:41 IST)
Updated Date: Mon, 6 Feb 2017 (14:45 IST)
नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर दोनों कीमती धातुओं में तेजी के बीच दिल्ली सराफा बाजार में भी सोमवार को इनमें मजबूती देखी गयी। सोना 100 रुपये चढ़कर 29,650 रुपये प्रति दस ग्राम तथा चांदी 250 रुपये चमककर 42,450 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गयी।
लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, सोने में लगातार तीसरे दिन तेजी रही। सोना हाजिर 3.35 डॉलर की बढ़त में 1,223.30 डॉलर प्रति औंस के भाव बिका। अप्रैल का अमेरिका सोना वायदा भी 4.60 डॉलर चमककर 1,225.40 डॉलर प्रति औंस बोला गया।
बाजार विश्लेषकों का कहना है कि तकनीकी खरीददारी आने तथा अमेरिका में रोजगार में मिश्रित आंकड़े आने से डॉलर के कमजोर पड़ने की वजह से पीली धातु को समर्थन मिल रहा है। पिछले सप्ताह जारी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी में अमेरिका में जहां बेरोजगारी उम्मीद से अधिक घटी है, वहीं वेतन में न के बराबर वृद्धि हुई है। इससे निवेशक शेयर बाजार में जोखिम उठाने के बदले सुरक्षित धातु का रुख कर रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी भी 0.09 डॉलर चमककर 17.56 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गयी। (वार्ता)