1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. CCTV cameras will guard Indore's water supply

इंदौर के पानी की रखवाली करेंगे CCTV कैमरे, हाईड्रेंट होंगे कैमरों से लैस, MIC की मंजूरी

गर्मी में जल संकट से बचने के लिए इंदौर प्रशासन की कवायद

indore water crisis
इंदौर में बारिश नहीं होने की वजह से इस बार जल संकट की आशंका जताई जा रही है, ऐसे में टैंकर माफियाओं को कंट्रोल करना भी जरूरी होगा। प्रशासन ने अब इंदौर में जल संकट को देखते हुए हाईड्रेंट से पानी भरने वाले टैंकरों पर निगरानी करने की व्‍यवस्‍था की है।

दरअसल, नगर निगम शहर के सभी हाईड्रेंट पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी कर रहा है। इसे लेकर एमआईसी में प्रस्ताव पास हो चुका है। अब आगे की प्रक्रिया और टेंडर के बाद कैमरे लगाए जाएंगे। इससे हाईड्रेंट से पानी भरने वाले टैंकरों के फेरों, पानी की सप्लाई पर नजर रखी जा सकेगी।

गर्मी में जलसंकट की स्थिति बनने पर नगर निगम टैंकरों के जरिए अलग-अलग वार्डों में पानी की सप्लाई करेगा। इन टैंकरों को हाईड्रेंट से ही पानी भराया जाएगा। आने वाले दिनों में सभी वार्डों में नए हाईड्रेंट भी तैयार किए जाएंगे। ऐसे में पानी के अपव्यय को रोकने और टैंकरों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

टैंकर्स के फेरों को करेंगे वॉच : हाईड्रेंट पर सीसीटीवी कैमरे लगने से यह पता चल सकेगा कि किस टैंकर ने कितने फेरे लगाए और तय फेरों के अनुसार संबंधित वार्ड में पानी की सप्लाई की या नहीं। साथ ही यह भी निगरानी की जा सकेगी कि कोई निजी टैंकर या दूसरे वार्ड का टैंकर हाईड्रेंट से पानी तो नहीं भर रहा है। हालांकि हाईड्रेंट पर निगम कर्मचारियों की मौजूदगी रहती है, लेकिन कई बार आपसी सांठगांठ के चलते टैंकरों के फेरों में गड़बड़ी या दूसरे टैंकरों के पानी भरने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। ऐसे में कैमरों की निगरानी से इस तरह की गड़बड़ियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा हाईड्रेंट से पानी का अपव्यय होने पर भी नजर रखी जा सकेगी।
अगला लेख
मैनेजर की आय 65 लाख, संपत्ति 2.41 करोड़ से ज्यादा, इंदौर में लोकायुक्‍त का छापा