सलमान खान ने अपनी सेहत की अफवाहों पर लगाया विराम, पोस्ट शेयर कर पूछा- 'आप लोगों की तबीयत कैसी है?'
बॉलीवुड के 'दबंग' यानी सलमान खान हमेशा अपनी बेबाकी और अनोखे अंदाज के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर उनकी सेहत को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। एक इवेंट में सलमान के दुबले शरीर को देखकर फैंस काफी चिंता जता रहे हैं।
अब सलमान खान ने अपनी सेहत को लेकर चल रही सभी सभी अफवाहों पर अपने ही अंदाज में फुलस्टॉप लगा दिया है। सलमान खान के एक लेटेस्ट सोशल मीडिया पोस्ट ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है और उनके फैंस इस पर जमकर रिएक्शन दे रहे हैं।
सलमान खान ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर कुछ ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरें शेयर कीं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने एक बेहद मजेदार कैप्शन लिखा, "आप लोगों की तबीयत कैसी है?"
यह कैप्शन उन लोगों के लिए एक सीधा और करारा जवाब था, जो पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर उनकी सेहत को लेकर मनगढ़ंत कहानियां बना रहे थे।
तस्वीरों में सलमान खान उसी आउटफिट में नजर आ रहे हैं, जो उन्होंने बीते दिनों एक इवेंट के दौरान पहना था। कुछ तस्वीरों में वे डेनिम जैकेट और काउबॉय हैट पहने कैमरे के सामने बेहद रिलैक्स और कूल अंदाज में पोज देते नजर आ रहे हैं।
जैसे ही सलमान ने यह पोस्ट शेयर किया, फैंस ने कमेंट सेक्शन में मीम्स और तारीफों की बाढ़ ला दी। हर कोई अभिनेता के इस मजाकिया अंदाज की तारीफ कर रहा है। टीवी और फिल्म एक्ट्रेस माही विज ने भी इस पोस्ट पर हंसने वाली इमोजी के साथ कमेंट करते हुए लिखा, "टू गुड (Toooo Gooodddddd)"।
दरअसल, यह पूरा मामला हफ्ते की शुरुआत में तब शुरू हुआ जब सलमान खान एक पब्लिक इवेंट में शामिल हुए थे। वे स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी (SRA) के ऑफिस में एक नए डेटा कलेक्शन और वेरिफिकेशन सपोर्ट सेंटर का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कई लाभार्थियों को उनके नए घर की चाबियां भी सौंपीं।
इस इवेंट के दौरान सलमान कैजुअल शर्ट, डेनिम और कैप पहने नजर आए। लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और तस्वीरों में कुछ फैंस को लगा कि वे काफी थके हुए, कमजोर और अस्वस्थ दिख रहे हैं। देखते ही देखते इंटरनेट पर उनकी सेहत को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।
कुछ यूजर्स ने कमेंट किया, "क्या सलमान खान बीमार हैं?" तो किसी ने उनकी तुलना धर्मेंद्र जी के ढलते दिनों से कर दी। इसी चिंता और अफवाहों को शांत करने के लिए सलमान ने यह नया पोस्ट शेयर किया।
वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान के फैंस उनकी आगामी फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह एक बड़े बजट की वॉर ड्रामा फिल्म है। यह फिल्म पहले इसी साल अप्रैल के महीने में रिलीज होने वाली थी, लेकिन किन्हीं कारणों से इसकी रिलीज डेट को आगे बढ़ा दिया गया। मेकर्स जल्द ही फिल्म की नई और संशोधित रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान करेंगे।

