साई पल्लवी करने जा रहीं बॉलीवुड डेब्यू, 'एक दिन' में जुनैद खान संग करेंगी रोमांस, फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज
साउथ एक्ट्रेस साई पल्लवी अब बॉलीवुड डेब्यू करने जा रही हैं। वह आमिर खान प्रोडक्शंस की अगली रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'एक दिन में जुनैद खान संग नजर आएंगी। इस फिल्म का निर्देशन सुनील पांडे कर रहे हैं। वहीं इसे मंसूर खान, आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है।
मेकर्स ने फिल्म की पहली झलक भी जारी कर दी है, जो पर्दे पर साकार होने वाली एक मासूम और दिल छू लेने वाली प्रेम कहानी की झलक देती है। एक दिन के फर्स्ट लुक में साई पल्लवी और जुनैद खान एक नई ऑन-स्क्रीन जोड़ी के रूप में दिखाई दे रहे हैं।
पोस्टर में सर्दियों की पृष्ठभूमि में जुनैद और साई सड़क पर चलते हुए नज़र आते हैं, जहां उनकी गर्मजोशी, आकर्षण और सहज केमिस्ट्री साफ झलकती है। पोस्टर के साथ टैगलाइन दी गई है — One Love… One Chance (एक प्यार… एक मौका)। इस पहली झलक ने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है, वहीं फिल्म का टीज़र कल रिलीज़ किया जाएगा।
दर्शक पहले ही महाराज में जुनैद खान के दमदार अभिनय को देख चुके हैं। अब वह एक भावनात्मक प्रेम कहानी में नज़र आने वाले हैं, जो इस प्रोजेक्ट को और भी खास बनाता है। जुनैद के साथ स्क्रीन साझा कर रही हैं साई पल्लवी, जो इस फिल्म के जरिए बॉलीवुड में अपनी बड़ी शुरुआत कर रही हैं।
साई पल्लवी ने तेलुगु, तमिल और मलयालम फिल्मों में अपने शानदार अभिनय से अलग पहचान बनाई है। वह साउथ की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में से एक हैं और देशभर के दर्शकों के बीच बेहद प्रिय हैं।
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी एक दिन की कहानी स्नेहा देसाई और स्पंदन मिश्रा ने लिखी है। संगीत राम संपत का है और गीत इरशाद कामिल ने लिखे हैं। यह फिल्म 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है।