जुबीन गर्ग केस में सिंगापुर पुलिस का खुलासा, नशे में थे सिंगर, लाइफ जैकेट पहनने से भी कर दिया था इंकार
फेमस सिंगर जुबीन गर्ग का 19 सितंबर 2025 को सिंगापुर में निधन हो गया था। इस मामले की जांच असम पुलिस की एसआईटी कर रही है। जुबीन गर्ग केस में कई सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं। बीते दिनों एसआईटी ने अदालत में दावा किया था कि जुबीन की हत्या के पीछे पैसों की लालच और करोड़ों रुपए का गबन सबसे बड़ा कारण था।
वहीं अब इस मामले में नया मोड़ आया है। सिंगापुर पुलिस ने कोर्ट में बताया कि जुबीन गर्ग काफी नशे में थे और उन्होंने लाइफ जैकेट पहनने से भी इनकार कर दिया था। यह हादसा सिंगापुर के लाजरस आइलैंड के पास हुआ, जहां वे दोस्तों के साथ यॉट ट्रिप पर थे।
सिंगापुर पुलिस ने बताया, जुबिन अत्यधिक नशे में थे और इसी वजह से लाजरस द्वीप के पास डूब गए थे। चैनल न्यूज एशिया की रिपोर्ट के अनुसार, सिंगापुर की अदालत में सुनवाई के दौरान मुख्य जांच अधिकारी ने बताया कि असमिया गायक जुबिन गर्ग ने पहले लाइफ जैकेट पहनी थी, लेकिन बाद में उसे उतार दिया और फिर दूसरी लाइफ जैकेट पहनने से भी इनकार कर दिया।
जुबीन बहुत ज्यादा नशे में थे। कई गवाहों ने उन्हें यॉट की ओर वापस जाते हुए और बिना लाइफ जैकेट के तैरने की कोशिश करते देखा, तभी वह बेहोश हो गए और उनका चेहरा पानी में डूब गया। उन्हें तुरंत यॉट पर वापस लाया गया और सीपीआर दिया गया।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि लेकिन कुछ ही देर बाद जुबीन को मृत घोषित कर दिया गया। अदालत को यह भी बताया गया कि जुबीन गर्ग को हाइपरटेंशन और मिर्गी की बीमारी थी। उन्हें मिर्गी का आखिरी दौरा 2024 में पड़ा था। लेकिन यह साफ नहीं हो पाया कि घटना वाले दिन उन्होंने मिर्गी की नियमित दवा ली थी या नहीं। सिंगापुर पुलिस ने इस मौत के मामले में किसी भी तरह की साजिश से इनकार किया है।