जब 2025 में धुरंधर रिलीज हुई थी, तब शायद ही किसी ने सोचा होगा कि यह फिल्म हिंदी सिनेमा के इतिहास में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शुमार हो जाएगी। जासूसी, एक्शन और भावनाओं के जबरदस्त मेल ने इसे सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि सिनेमाई इवेंट बना दिया।
अब उसी कहानी का दूसरा और अंतिम अध्याय लेकर आ रही है धुरंधर: द रिवेंज (Dhurandhar: The Revenge), जिसे एक बार फिर आदित्य धर ने बड़े पैमाने पर तैयार किया है। फिल्म का निर्माण जियो स्टूडियोज़ के बैनर तले हुआ है और इसे 19 मार्च 2026 को रिलीज किया जाएगा।
पहले भाग की ऐतिहासिक सफलता
धुरंधर का पहला भाग बॉक्स ऑफिस पर तूफान साबित हुआ। इस फिल्म ने न सिर्फ देश में, बल्कि विदेशों में भी रिकॉर्ड तोड़े और हिंदी फिल्मों के इतिहास में सर्वाधिक कलेक्शन करने वाली फिल्मों में जगह बनाई।
रणवीर सिंह का अंडरकवर एजेंट वाला किरदार दर्शकों के दिल में बस गया। उनकी एनर्जी, इमोशन और एक्शन का संगम देखने लायक था। वहीं संजय दत्त ने अपने ग्रे शेड वाले किरदार से कहानी को गहराई दी।
अक्षय खन्ना का चतुर और ठंडे दिमाग वाला रोल फिल्म की रीढ़ बन गया था, जबकि अर्जुन रामपाल ने अपने दमदार स्क्रीन प्रेजेंस से हर सीन में असर छोड़ा। यही वजह है कि दर्शक अब सीक्वल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
धुरंधर: द रिवेंज की कहानी
धुरंधर: द रिवेंज वहीं से शुरू होती है जहां पहला भाग खत्म हुआ था। कहानी एक अंडरकवर भारतीय खुफिया एजेंट की है, जो पाकिस्तान के आपराधिक गिरोहों और सत्ता के गलियारों में गहराई तक पैठ बना चुका है।
इस बार उसका मिशन और भी खतरनाक है, 26/11 हमलों का बदला और उससे जुड़ी साजिशों की परतें खोलना। लेकिन दुश्मन पहले से ज्यादा चालाक और ताकतवर हैं। इस बार अर्जुन रामपाल के किरदार से उसकी कड़ी टक्कर है। बड़े साब पर से भी परदा हटना है। राजनीतिक खेल, अंतरराष्ट्रीय गठजोड़ और व्यक्तिगत बलिदान, इन सबके बीच यह मिशन सिर्फ ऑपरेशन नहीं, बल्कि देश की अस्मिता की लड़ाई बन जाता है।
भव्य निर्माण और ग्लोबल स्केल
फिल्म की शूटिंग भारत और थाईलैंड के कई लोकेशनों पर की गई। पंजाब, चंडीगढ़, महाराष्ट्र, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ बैंकॉक में भी बड़े एक्शन सीक्वेंस फिल्माए गए।
तकनीकी रूप से भी फिल्म को इंटरनेशनल स्तर का बनाने की कोशिश की गई है। संगीत शाश्वत सचदेव का है, सिनेमैटोग्राफी विकास नवलखा ने की है और एडिटिंग शिवकुमार वी. पनिकर ने संभाली है।
बॉक्स ऑफिस प्रिडिक्शन, क्या टूटेगा अपना ही रिकॉर्ड?
ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर कंटेंट पहले भाग जितना ही मजबूत रहा, तो धुरंधर: द रिवेंज बड़ी आसानी से 1500 करोड़ रुपये तक जा सकती है। पहले भाग की अपार लोकप्रियता इसे ऐतिहासिक ओपनिंग दिला सकती है।
पहला भाग जहां हिंदी फिल्मों के इतिहास में सर्वाधिक कलेक्शन करने वाली फिल्म बना, वहीं अब नजरें इस पर हैं कि क्या सीक्वल अपने ही रिकॉर्ड को पीछे छोड़ पाएगा?
* DHURANDHAR: THE REVENGE (2026)
* निर्देशक: आदित्य धर
* संगीतकार: शाश्वत सचदेव
* कलाकार: रणवीर सिंह, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर माधवन, सारा अर्जुन, राकेश बेदी
* रिलीज डेट: 19 मार्च 2026
* बैनर: जियो स्टूडियोज़
* निर्माता: आदित्य धर, लोकेश धर, ज्योति देशपांडे