दीपक तिजोरी के साथ हुई धोखाधड़ी, फिल्म फंडिंग के नाम पर ठगे इतने लाख रुपए
बॉलीवुड एक्टर और फिल्ममेकर दीपक तिजोरी के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। दीपक ने मुंबई के बांगुर नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। दीपक का आरोप है कि उनकी आगामी हिंदी फिल्म 'टॉम डिक एंड मैरी' के लिए फंडिंग दिलाने के नाम पर उनसे 2.5 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई।
दीपक तिजोरी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। है। पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता दीपक तिजोरी गोरेगांव पश्चिम स्थित गार्डन एस्टेट के निवासी हैं और वर्ष 1990 से फिल्म उद्योग से जुड़े हुए हैं। दिसंबर 2024 में उन्होंने अपनी फिल्म टॉम डिक एंड मैरी का स्क्रीनप्ले पूरा किया था, जिसके निर्माण के लिए लगभग 2.5 करोड़ रुपए के निवेश की आवश्यकता थी।
शिकायत में बताया गया है कि फरवरी 2025 के पहले सप्ताह में कविता शिबाग कपूर नाम की एक महिला तिजोरी के घर पर पहुंची और खुद को टी-सीरीज से जुड़ा हुआ बताया। उसने जी नेटवर्क और मीडिया इंडस्ट्री में अपने मजबूत संपर्क होने का भी दावा किया। इसके बाद कविता ने तिजोरी की मुलाकात अपनी सहयोगी फौजिया आरसी से कराई और कहा कि वह जी नेटवर्क से फिल्म के लिए लेटर ऑफ इंटरेस्ट (LOI) दिला सकती है, जिससे निवेशकों से बात करने में मदद मिलेगी।
आरोप है कि दोनों महिलाओं ने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर LOI उपलब्ध करा दिया जाएगा और इसके एवज में पहली किस्त के रूप में 2.5 लाख रुपए की मांग की गई। उनकी बातों पर भरोसा करते हुए 21 फरवरी 2025 को एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इसके बाद 22 फरवरी, 2025 को दीपक तिजोरी ने फौजिया आरसी के बैंक खाते में 2.5 लाख ट्रांसफर किए।
हालांकि, काफी समय बीत जाने के बावजूद न तो जी नेटवर्क से कोई लेटर ऑफ इंटरेस्ट मिला और न ही पैसे वापस किए गए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि तिजोरी को जोशी नाम के एक व्यक्ति से फोन पर बात करवाई गई, जिसे जी नेटवर्क का प्रतिनिधि बताया गया था। बाद में जी नेटवर्क के वरिष्ठ अधिकारियों से सत्यापन करने पर सामने आया कि संगठन में इस नाम का कोई व्यक्ति कार्यरत नहीं है।