1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. priyadarshan supports rajpal yadav financial crisis

राजपाल यादव की मदद को आगे आए निर्देशक प्रियदर्शन, बोले- कम एजुकेशन के कारण गलती कर बैठे

Rajpal Yadav
बॉलीवुड के दिग्गज हास्य अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। 9 करोड़ रुपए के चेक बाउंस मामले में वह दिल्ली की तिहाड़ जेल में सजा काट रहे हैं। राजपाल यादव के सपोर्ट में कई सेलेब्स आगे आए हैं और उनकी आर्थिक मदद कर रहे हैं। 
 
वहीं अब राजपाल यादव की मदद के लिए उनके पुराने सहयोगी और मशहूर निर्देशक प्रियदर्शन 'फरिश्ता' बनकर सामने आए हैं। राजपाल यादव ने प्रियदर्शन के साथ 'भूल भुलैया', 'मालमाल वीकली' और 'दे दना दन' जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम किया है। 
 
मिड डे संग बात करते हुए प्रियदर्शन ने कहा, मैं राजपाल को पिछले 20 सालों से जानता हूं। मैंने उन्हें पहली बार फिल्म 'जंगल' (2000) में देखा था और उनके अभिनय से दंग रह गया था। मैंने अपनी अगली फिल्म के निर्माताओं से स्पष्ट कहा है कि राजपाल को उनकी तय फीस से ज्यादा भुगतान किया जाए। उनकी मौजूदा स्थिति को देखते हुए हम उन्हें बचाना चाहते हैं और निर्माता मेरी इस बात से सहमत हो गए हैं।
 
प्रियदर्शन ने आगे कहा, राजपाल एक नेक इंसान हैं। कम शिक्षा और सही मार्गदर्शन न होने के कारण उन्होंने अपनी जिंदगी में वित्तीय प्रबंधन को लेकर बड़ी भूल कर दी। मैं सालों से यह बात जानता था, इसीलिए मैंने उन्हें अपनी हर फिल्म में रखा और विज्ञापन फिल्मों के लिए भी प्रेरित किया।
 
बता दें कि राजपाल यादव ने 5 फरवरी, 2026 को तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण किया था। उन पर साल 2010 में अपनी फिल्म 'अता पता लापता' के लिए लिए गए 5 करोड़ रुपए के कर्ज को न चुकाने का आरोप है, जो ब्याज समेत अब 9 करोड़ हो चुका है।
 
जेल में होने के बावजूद, राजपाल यादव आने वाले समय में कई बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा हैं। वह जल्द ही प्रियदर्शन की फिल्म 'भूत बंगला' में दिखेंगे। इसके अलावा वह एक अनटाइटल्ड कॉमेडी फिल्म में भी नजर आएंगे। 
लेखक के बारे में
WD Entertainment Desk
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
क्या सनी देओल मांगेंगे 'धुरंधर' के मेकर्स से रॉयल्टी? 'घायल हूं, इसलिए घातक हूं' डायलॉग पर तोड़ी चुप्पी