क्या सनी देओल मांगेंगे 'धुरंधर' के मेकर्स से रॉयल्टी? 'घायल हूं, इसलिए घातक हूं' डायलॉग पर तोड़ी चुप्पी
बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' ने बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी थी। इस फिल्म से रणवीर सिंह का एक डायलॉग 'घायल हूं, इसलिए घातक हूं' भी जमकर वायरल हुआ। यह डायलॉग सीधे तौर पर बॉलीवुड के 'एक्शन किंग' सनी देओल की दो ऐतिहासिक फिल्मों 'घायल' और 'घातक' की याद दिलाता है।
वहीं अब सनी देओल ने इसपर अपना रिएक्शन दिया है। न्यूज़ एजेंसी ANI को दिए एक इंटरव्यू में जब सनी देओल से पूछा गया कि इस डायलॉग के लिए क्या वे 'धुरंधर' के मेकर्स से रॉयल्टी मांगेंगे? इस पर उन्होंने कहा उनका ऐसा कोई इरादा नहीं है।
सनी देओल ने कहा, मेरा रॉयल्टी मांगने का कोई इरादा नहीं है। हमारे जो निर्देशक (आदित्य धर) है, वह बहुत बड़े फैन हैं। उन्होंने मेरी फिल्में देखी है, और मुझे लगता है कि उन्होंने घायल और घातक ये सब फिल्में देखी है। उन्होंने केवल मुझे सम्मान देने के उद्देश्य से इन टाइटल्स को डायलॉग में पिरोया है। उन्होंने टाइटल्स का इस्तेमाल किया, जो बहुत ही 'स्वीट' है।
बता दें कि सनी देओल इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म 'बॉर्डर 2' को लेकर चर्चा में हैं। 1997 की कल्ट क्लासिक फिल्म 'बॉर्डर' के सीक्वल 'बॉर्डर 2' में सनी देओल एक बार फिर अपनी दहाड़ से सिनेमाघरों को गुंजा रहे हैं। फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 460 करोड़ रुपए के पार पहुंच चुका है।