भूषण कुमार के साथ मिलकर 'ऑपरेशन सिंदूर' ला रहे विवेक अग्निहोत्री, पर्दे पर दिखेगा पहलगाम आतंकी हमले का बदला
'द ताशकंत फाइल्स', 'द कश्मीर फाइल्स' और 'द बंगाल फाइल्स' के बाद फिल्ममेकर विवेक रंजन अग्निहोत्री एक बार फिर देश की सुरक्षा और रणनीतिक इतिहास से जुड़ी एक बड़ी कहानी पर्दे पर उतारने के लिए तैयार हैं। विवेक अग्निहोत्री और भूषण कुमार ने आधिकारिक तौर पर अपनी नई फिल्म 'ऑपरेशन सिंदूर' का एलान कर दिया है।
यह फिल्म साल 2025 में घटी वास्तविक घटनाओं पर आधारित है। अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और इसके जवाब में भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर पर इस फिल्म की कहानी आधारित होगी।
फिल्म का मुख्य आधार लेफ्टिनेंट जनरल के.जे.एस. 'टिनी' ढिल्लों (रिटायर्ड) की चर्चित किताब 'Operation Sindoor: The Untold Story of Indias Deep Strikes Inside Pakistan0 है। यह फिल्म उन 88 घंटों की कहानी कहेगी जब भारत ने पाकिस्तान के भीतर आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर उसके 'परमाणु ब्लफ' को बेनकाब कर दिया था।
हिंदुस्तान टाइम्स संग बात करते हुए विवेक ने कहा, हम हमेशा ऐसी कहानियां बताने में यकीन रखते हैं जो थोड़ी असहज हों, लेकिन जरूरी हों। मेरी कोशिश है कि इस कहानी को पूरी सच्चाई के साथ दिखाया जाए, जिसमें बहादुरी, प्रोफेशनलिज्म और स्ट्रैटेजी सब नजर आए, और साथ ही ये एक रोमांचक फिल्म भी बने।
वहीं, भूषण कुमार ने इसे एक 'मिशन' बताते हुए कहा कि कुछ कहानियाँ चुनी नहीं जातीं, बल्कि वे खुद आपको चुनती हैं। जब राष्ट्र इतने बड़े घटनाक्रम से गुजरता है, तो उसे सच्चाई के साथ दर्ज करना आवश्यक हो जाता है।
इस फिल्म के जरिए पहली बार विवेक अग्निहोत्री और भूषण कुमार एक साथ आ रहे हैं। फिल्म को विवेक की कंपनी आईएम बुद्धा प्रोडक्शन और भूषण कुमार की टी-सीरीज मिलकर बना रही है। फिल्म में 6 मई से 10 म3 2025 के बीच हुए पूरे ऑपरेशन को दिखाया जाएगा।