गुरुवार, 16 अप्रैल 2026
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. dhurandhar 2 auto driver harjeet singh cannot watch own film
Last Modified: बुधवार, 25 मार्च 2026 (17:31 IST)

रणवीर सिंह के साथ 'धुरंधर 2' के आखिरी सीन में दिखा ऑटो ड्राइवर नहीं देख पा रहा फिल्म, वजह कर देगी इमोशनल

Dhurandhar 2 Total Collection
आदित्य धर के निर्देशन में बनी 'धुरंधर 2: द रिवेंज' इन दिनों सिनेमाघरों में तहलका मचा रही है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई कर रही है। 7 दिन में ‘धुरंधर 2’ का कुल इंडिया ग्रॉस 692.67 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है, जबकि इंडिया नेट 580.11 करोड़ रुपए हो गया है। 
 
'धुरंधर 2' की सक्सेस के बाद इससे जुड़े किस्से और किरदार भी चर्चा में हैं। हाल ही में फिल्म में नजर आए एक कलाकार की ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। फिल्म के सबसे चर्चित आखिरी सीन में रणवीर सिंह के साथ स्क्रीन साझा करने वाले एक्टर ने खुलासा किया है कि उन्होंने अभी तक यह फिल्म नहीं देखी है। 
 
फिल्म के आखिरी सीन में जब हमजा हिंसा की दुनिया को पीछे छोड़कर अपने गृहनगर पठानकोट वापस लौटता है, तो वह एक ऑटो रिक्शा से अपने घर पहुंचता है। इस सीन में जो व्यक्ति ऑटो चला रहा है, वह कोई प्रोफेशनल एक्टर नहीं बल्कि पठानकोट के ही असली ऑटो ड्राइवर हरजीत सिंह हैं।
 
भले ही उनका रोल छोटा था, लेकिन फिल्म के 'ओपन एंडेड' क्लाइमैक्स को पूरा करने में उनकी भूमिका अहम थी। हरजीत ने बताया कि शूटिंग के दौरान रणवीर सिंह और पूरी टीम ने उनके साथ बहुत सम्मान से व्यवहार किया था। हरजीत ने बताया कि उन्होंने अभी तक फिल्म नहीं देखी है, क्योंकि टिकट करीब 500 रुपए की है। 
 
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान जब हरजीत से पूछा गया कि क्या उन्होंने फिल्म देख ली है, तो उनका जवाब भावुक करने वाला था। उन्होंने कहा, मैंने अभी तक फिल्म नहीं देखी है। टिकट की कीमत 500 रुपए के आसपास है। हम परिवार में पांच लोग हैं, अगर सबको साथ ले गया तो 2500 खर्च होंगे। 2500 रुपए तो मैं पूरे महीने में मुश्किल से बचा पाता हूं।
 
हरजीत ने आगे बताया कि उनके बच्चे फिल्म देखने की जिद कर रहे हैं क्योंकि उनके पिता बड़े पर्दे पर सुपरस्टार के साथ दिख रहे हैं, लेकिन आर्थिक तंगी के चलते उन्होंने बच्चों को समझाकर शांत कर दिया है कि वे फिल्म के थोड़ा पुराना होने या ओटीटी पर आने का इंतजार करेंगे।
 
सोशल मीडिया पर उठी मदद की मांग
हरजीत की यह सादगी भरी सच्चाई वायरल होते ही इंटरनेट पर 'धुरंधर 2' की टीम से उन्हें एक स्पेशल स्क्रीनिंग देने की मांग की जा रही है। फैंस का कहना है कि जिस फिल्म ने करोड़ों कमाए हैं, उसके एक कलाकार का अपनी ही फिल्म न देख पाना सिनेमाई विरोधाभास का सबसे बड़ा उदाहरण है।
 
लेखक के बारे में
WD Entertainment Desk
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
शतायु चिरायु: मंच पर इतिहास की परतें, विचारों की विरासत और समय का संवाद