1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. फोकस
  4. vinod-khanna-journey-villain-to-superstar-amitabh-bachchan

विनोद खन्ना: खलनायक से सुपरस्टार तक का सफर, अमिताभ बच्चन के सामने भी नहीं पड़े फीके

विनोद खन्ना: खलनायक से सुपरस्टार तक का सफर, अमिताभ बच्चन के सामने भी नहीं पड़े फीके
विनोद खन्ना: खलनायक से सुपरस्टार तक का सफर, अमिताभ बच्चन के सामने भी नहीं पड़े फीके
साठ के दशक के आखिरी दिनों में बॉम्बे सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर दो युवा एक जैसे कद-काठी और लगभग एक जैसे सपनों के साथ आए थे। एक पंजाब से था और दूसरा इलाहाबाद से। दोनों की मंजिल एक थी: बॉलीवुड में अपना करियर बनाना। नाम थे विनोद खन्ना और अमिताभ बच्चन।
 
दोनों ने हिंदी सिनेमा में लंबा सफर तय किया, दोनों ने स्टारडम देखा, लेकिन उनकी मंजिलें और रास्ते अलग-अलग रहे। विनोद खन्ना की कहानी तो और भी दिलचस्प रही। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत नायक के रूप में नहीं, बल्कि खलनायक के तौर पर की और फिर धीरे-धीरे खुद को एक बड़े सितारे के रूप में स्थापित किया।
 

हीरो मटेरियल

विनोद खन्ना मुंबई के सिडेनहम कॉलेज में पढ़ रहे थे। बॉलीवुड में उनकी कोई पहचान या जान-पहचान नहीं थी। हां, उनका व्यक्तित्व ऐसा था कि कॉलेज में साथ पढ़ने वाली लड़कियां अक्सर उन्हें फिल्मों में जाने के लिए उकसाती थीं। उनका मानना था कि इतनी शानदार पर्सनैलिटी के साथ उन्हें फिल्मों में जरूर कोशिश करनी चाहिए। वे तो उन्हें एकदम ‘हीरो मटेरियल’ मानती थीं।
 
फिर जैसे बिल्ली के भाग्य से छींका टूटता है, वैसे ही विनोद खन्ना के लिए मौका आ गया।
 
उन दिनों सुनील दत्त अपने छोटे भाई सोमदत्त को फिल्मों में लॉन्च करने की तैयारी कर रहे थे। फिल्म ‘मन का मीत’ (1968) में विनोद खन्ना को खलनायक का रोल मिला। उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया।
 
‘मन का मीत’ टिकट खिड़की पर असफल रही। सोमदत्त धीरे-धीरे गुमनामी में चले गए, लेकिन विनोद खन्ना चल पड़े। शुरुआत खलनायकी से हुई थी, इसलिए लंबे समय तक उन्हें विलेन के लेबल के साथ ही फिल्में मिलती रहीं।
 
राजेश खन्ना, जिनके विनोद खन्ना जबरदस्त प्रशंसक थे, के साथ ‘सच्चा-झूठा’ में उनकी अदाकारी को सराहा गया। इसके बाद राजेश खन्ना के साथ उन्हें ‘आन मिलो सजना’ में भी खलनायक के रूप में पेश किया गया।
 

आया अटरिया पे चोर

साठ और सत्तर का दशक हिंदी सिनेमा में डाकू आधारित फिल्मों का दौर था। राज खोसला की निर्देशित ‘मेरा गांव मेरा देश’ (1971) में विनोद खन्ना ने धर्मेंद्र के साथ डाकू की भूमिका निभाई। कई दृश्यों में उन्होंने ‘गरम धरम’ को जमकर टक्कर दी।
 
विनोद खन्ना ने इस फिल्म में कई खतरनाक दृश्य खुद किए। घोड़े पर सवार होकर बीहड़ों और जंगलों में भागने से लेकर फाइटिंग सीक्वेंस तक, उन्होंने पर्दे पर अपने किरदार को पूरी ताकत से निभाया।
 
‘मेरा गांव मेरा देश’ डाकू फिल्मों की श्रेणी में एक यादगार सफल फिल्म साबित हुई। फिल्म में लक्ष्मी छाया के गीत और नृत्य ने भी खूब असर छोड़ा। उन्होंने तीन मस्ती भरे गीतों से दर्शकों का ध्यान खींचा और कई मायनों में फिल्म की नायिका आशा पारेख को भी पीछे छोड़ दिया।
 
‘आया-आया अटरिया पे चोर’ के अलावा ‘मार दिया जाए या छोड़ दिया जाए’ ऐसा गीत था, जिसकी पंक्ति आगे चलकर जुमले की तरह इस्तेमाल होने लगी। तीसरा गीत था—‘हाय शरमाऊं, किस-किस को सुनाऊं, कैसे बताऊं अपनी प्रेम कहानियां।’
 

गुलजार हुए मेहरबान

उस दौर में अपनी इमेज बदल पाना आसान नहीं था। एक बार किसी कलाकार पर खलनायक का ठप्पा लग जाए तो निर्माता उसे उसी तरह के किरदारों में देखने लगते थे। विलेन से हीरो की यात्रा बेहद मुश्किल थी।
 
लेकिन विनोद खन्ना के मामले में गुलजार मददगार साबित हुए।
 
गुलजार को लगा कि एक टैलेंटेड और हैंडसम अभिनेता को लगातार खलनायक बनाकर उसकी प्रतिभा को सीमित किया जा रहा है। उन्होंने अपने निर्देशन की पहली फिल्म ‘मेरे अपने’ (1972) और फिर ‘अचानक’ (1973) में विनोद खन्ना को वह मौका दिया, जिसके वे हकदार थे। यहां विनोद खन्ना एक ‘रियल हीरो’ के रूप में सामने आए।
 
इसके बाद गुलजार ने उन्हें ‘मीरा’ में भी दोहराया। ‘मीरा’ की पटकथा सुनने के बाद विनोद खन्ना ने गुलजार से कहा था, ‘काश वे मीराबाई का रोल कर पाते।’
 
गुलजार ने भी उनके व्यक्तित्व को लेकर कहा था कि उन्हें इतना सीधा, सहज और सरल नायक बंबई की फिल्म इंडस्ट्री में इससे पहले नहीं मिला था।
 

अमिताभ बनाम विनोद

फिल्म कलाकारों के बारे में बेसिर-पैर की अफवाहें और स्कैंडल लिखकर पत्रकारों ने एक दौर में अमिताभ बच्चन और विनोद खन्ना को एक-दूसरे का प्रतिद्वंद्वी बनाकर पेश किया। दोनों को आमने-सामने खड़ा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई।
 
लेकिन असली कलाकार शायद वही होता है, जो अपने प्रतिद्वंद्वी के आंगन में खड़ा होकर भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा सके।
 
विनोद खन्ना ने मनमोहन देसाई की ‘अमर अकबर एंथोनी’ और ‘परवरिश’ में अमिताभ बच्चन के साथ काम किया और अपनी अलग पहचान बनाई। प्रकाश मेहरा की ‘हेराफेरी’, ‘खून-पसीना’ और ‘मुकद्दर का सिकंदर’ में भी वे अमिताभ बच्चन के सामने थे और कहीं से कमतर नजर नहीं आए।
 
विनोद खन्ना के साथ त्रासदी यह रही कि बड़े बैनरों ने उन्हें उस तरह लगातार सोलो हीरो के रूप में पेश नहीं किया, जिस तरह वे अमिताभ बच्चन को कर रहे थे। यही वजह रही कि वे स्टारडम की दौड़ में अमिताभ से थोड़ा पीछे रह गए।
 
हालांकि विनोद खन्ना के प्रशंसकों का मानना रहा कि यदि उन्होंने अपने शिखर के दिनों में फिल्म इंडस्ट्री नहीं छोड़ी होती तो वे अमिताभ बच्चन जितने बड़े स्टार साबित हो सकते थे।
 

शबाना : मनपसंद नायिका

विनोद खन्ना की पसंदीदा हीरोइनों में शबाना आजमी का नाम खास तौर पर लिया जाता है। उन्होंने शबाना के साथ कई फिल्मों में काम किया।
 
अरुणा राजे ने अपनी फिल्म ‘शक’ में शबाना आजमी के साथ विनोद खन्ना को सोलो हीरो के रूप में पेश कर जोखिम उठाया था।
 
फिरोज खान की ‘कुर्बानी’ विनोद खन्ना के करियर की बड़ी हिट फिल्मों में शामिल हुई। राज सिप्पी की ‘इनकार’ में भी उनके काम को सराहा गया। इन फिल्मों में अभिनय के दम पर फिल्म प्रेस उन्हें अमिताभ बच्चन के विकल्प के रूप में देखने लगी थी।
 
विनोद खन्ना सफलता का यह दौर जी ही रहे थे कि उनकी माताजी का निधन हो गया। वे भीतर तक विचलित हो गए।
 
उसी दौर में आचार्य रजनीश का प्रभाव चारों ओर तेजी से फैल रहा था। 1980 के दशक में अचानक विनोद खन्ना ने अपने फिल्मी करियर को विदाई दे दी और अमेरिका जाकर आचार्य रजनीश के बगीचे में माली के रूप में सेवाएं देने लगे।
 
उन्होंने अपनी पत्नी गीतांजलि और दोनों बेटों अक्षय-राहुल को छोड़ दिया। एक सफल फिल्म स्टार ने अचानक खुद को संन्यासी विनोद के रूप में बदल लिया।
 

इंसाफ से लेकिन का सफर

जब रजनीश से उनका मोहभंग हुआ तो 1987 में विनोद खन्ना दोबारा बॉलीवुड लौटे। फिल्मकार मुकुल आनंद ने उन्हें ‘इंसाफ’ में और राज सिप्पी ने ‘सत्यमेव जयते’ में पेश किया।
 
लेकिन फिल्मों में दूसरी पारी अक्सर पहली पारी से ज्यादा कठिन होती है। विनोद खन्ना के साथ भी यही हुआ। असफलताएं उनका इंतजार कर रही थीं। अमेरिका से लौटने के बाद न तो नामी फिल्मकारों ने उन्हें पहले की तरह हाथों-हाथ लिया और न ही बॉक्स ऑफिस पर उन्हें पहले जैसा प्यार मिला।
 
लता मंगेशकर द्वारा निर्मित और गुलजार निर्देशित ‘लेकिन’ उनके अभिनय की आखिरी चमकदार फिल्मों में गिनी जा सकती है।
 
इसके बाद विनोद खन्ना छोटे-बड़े किरदारों में नजर आते रहे। बाद के दौर में ‘दबंग’ और ‘वांटेड’ जैसी फिल्मों में भी उन्होंने सलमान खान के साथ काम किया।
 

सिनेमा से राजनीति तक

6 अक्टूबर 1946 को जन्मे विनोद खन्ना के जीवन का एक महत्वपूर्ण पहलू राजनीति में उनका प्रवेश भी रहा। उन्होंने दूसरा विवाह किया और दूसरी पत्नी से उन्हें दो बच्चे हुए।
 
उनके दो बेटे अक्षय और राहुल खन्ना भी पिता की तरह ग्लैमर वर्ल्ड से जुड़े रहे।
 
विनोद खन्ना का जीवन इसलिए भी असाधारण था क्योंकि इसमें एक अभिनेता के रूप में सफलता, खलनायक से नायक बनने की जद्दोजहद, अमिताभ बच्चन के साथ स्टारडम की प्रतिस्पर्धा, अचानक फिल्म इंडस्ट्री से दूरी, संन्यास, फिर वापसी और अंततः राजनीति तक का सफर शामिल है।
 
शायद यही वजह है कि विनोद खन्ना को सिर्फ एक अभिनेता के रूप में याद करना उनके पूरे व्यक्तित्व को समेट देना होगा। वे हिंदी सिनेमा के उन चेहरों में रहे, जिन्होंने पर्दे पर कई तरह की भूमिकाएं निभाईं और असल जिंदगी में भी अपने फैसलों से अपनी कहानी को लगातार नया मोड़ दिया।
 

प्रमुख फिल्में

आन मिलो सजना, अचानक, अमर अकबर एंथोनी, चांदनी, दयावान, हाथ की सफाई, हेराफेरी, इम्तिहान, कच्चे धागे, खून-पसीना, कुदरत, लेकिन, मेरा गांव मेरा देश, मेरे अपने, मुकद्दर का सिकंदर, परवरिश, कुर्बानी, राजपूत, रिहाई।
लेखक के बारे में
समय ताम्रकर
समय ताम्रकर फिल्म समीक्षक हैं, जो फिल्म, कलाकार, निर्देशक, बॉक्स ऑफिस और फिल्मों से जुड़े पहलुओं पर गहन विश्लेषणात्मक लेख लिखते हैं।.... और पढ़ें
अगला लेख
'हनुमान अंश' की सफलता पर ऋचा चड्ढा ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- इसे कंटेंट सिनेमा का लैंडमार्क कहना जल्दबाजी