फुलेरा में फिर लौटेगी 'थोड़ी तकरार और थोड़ा प्यार', इस तारीख को Prime Video पर दस्तक देगी 'पंचायत 5'
ओटीटी जगत की सबसे लोकप्रिय और दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली ग्रामीण कॉमेडी-ड्रामा वेब सीरीज 'पंचायत' एक बार फिर अपने नए सीजन के साथ लौट रही है। अमेजन प्राइम वीडियो ने आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी है कि 'पंचायत सीजन 5' का ग्लोबल प्रीमियर 3 दिसंबर 2026 को किया जाएगा।
इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया है। प्राइम वीडियो ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर सीरीज का एक नया पोस्टर साझा करते हुए रिलीज डेट से पर्दा उठाया। इस पोस्टर में फुलेरा गांव की खूबसूरत पृष्ठभूमि के सामने सीरीज के सभी मुख्य किरदार नजर आ रहे हैं।
पोस्टर के साथ मेकर्स ने बेहद दिलचस्प कैप्शन लिखा— "थोड़ी तकरार थोड़ा प्यार रहेगा, फुलेरा में आपका इंतजार रहेगा। #PanchayatOnPrime, न्यू सीजन, 3 दिसंबर।"
इससे पहले मेकर्स ने बनराकस के किरदार को लेकर एक मजेदार सोशल मीडिया कैंपेन भी चलाया था, जिससे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई थी। गौरतलब है कि पांचवें सीजन की पहली झलक मार्च 2026 में मुंबई में आयोजित प्राइम वीडियो के रिलीज स्लेट इवेंट के दौरान पेश की गई थी।
बदली हुई सियासत और 'सचिव जी' की नई चुनौतियां
'पंचायत सीजन 4' के अंत में फुलेरा की ग्राम पंचायत चुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिला था, जहां क्रांति देवी (सुनीता राजवार) ने मंजू देवी (नीना गुप्ता) को चुनाव में शिकस्त दी थी। अब पांचवें सीजन की कहानी इसी बदली हुई सत्ता के इर्द-गिर्द घूमेगी।
नए सीजन में अभिषेक त्रिपाठी यानी 'सचिव जी' (जितेंद्र कुमार) को गांव के नए नेतृत्व (क्रांति देवी और नए 'प्रधानपति' बने भूषण उर्फ बनराकस) के अधीन काम करने की कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ेगा। एक तरफ जहां अभिषेक अपने एमबीए की पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं को लेकर असमंजस में हैं, वहीं दूसरी ओर उन्हें गांव के कई अनसुलझे मामलों को भी सुलझाना होगा। इसके साथ ही कहानी में पूर्व प्रधान जी (रघुबीर यादव) की चुनावी हार के बाद की स्थिति, उन पर हुए हमले से जुड़े रहस्यों और गांव के अन्य लोगों की जिंदगी में आए बदलावों को भी बेहद संजीदगी और हास्य के साथ दिखाया जाएगा।
दमदार स्टारकास्ट की वापसी
द वायरल फीवर (TVF) के बैनर तले बनी इस सीरीज का निर्देशन एक बार फिर दीपक कुमार मिश्रा ने किया है, जबकि इसकी कहानी चंदन कुमार ने लिखी है। नए सीजन में दर्शकों की पसंदीदा स्टारकास्ट अपनी भूमिकाओं में वापसी कर रही है। इसमें जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव और नीना गुप्ता के अलावा फैसल मलिक (प्रह्लाद चा), चंदन रॉय (विकास), सान्विका (रिंकी), दुर्गेश कुमार (बनराकस), सुनीता राजवार (क्रांति देवी) और अशोक पाठक (बिनोद) प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।

