क्या तलाक के लिए मौनी रॉय ने मांगी भारी भरकम एलिमनी? सूरज नांबियार ने तोड़ी चुप्पी
बॉलीवुड एक्ट्रेस मौनी रॉय इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में मौनी ने शादी के चार साल बाद सूरज नांबियार से तलाक का ऐलान किया है। जनवरी 2022 में गोवा में पारंपरिक बंगाली और मलयाली रीति-रिवाजों से शादी के बंधन में बंधे इस जोड़े ने सोशल मीडिया पर एक संयुक्त बयान जारी कर अपने अलग होने की पुष्टि की।
मौनी और सूरज के अलग होने के बाद से ही एलिमनी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कई जगहों पर भारी-भरकम एलिमनी (गुजारा भत्ता) और आपसी विवाद की खबरें चलाई जा रही थीं। अब इन सभी दावों को सिरे से खारिज करते हुए सूरज नांबियार ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक आधिकारिक नोट साझा किया है।
सूरज ने लिखा, हाल ही की आधारहीन खबरें हमारे तलाक के इर्द-गिर्द घूम रही हैं जो पूरी तरह से गलत है। मैं एक बार और हमेशा के लिए रिकॉर्ड साफ कर देना चाहता हूं। हमारे बीच कोई एलिमनी (गुजारा भत्ता) का मामला नहीं है, कोई विवाद नहीं है और न ही इसमें कोई थर्ड पार्टी शामिल है। मौनी और मैंने आपसी सम्मान और एक-दूसरे की भलाई को ध्यान में रखते हुए मिलकर अलग होने का फैसला किया है। यही सच है।
मौनी रॉय और सूरज के अलग होने की खबरों के बीच सोशल मीडिया ट्रोलर्स ने मौनी रॉय की बेहद करीबी दोस्त और अभिनेत्री दिशा पटानी को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया था। इंटरनेट पर कुछ लोगों ने यह दावा तक कर दिया कि दिशा की वजह से ही दोनों के रिश्ते में दरार आई।
इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए सूरज ने अपने बयान में आगे लिखा, मैं यह पूरी तरह साफ कर देना चाहता हूं कि हम दोनों या किसी तीसरे पक्ष को लेकर किए जा रहे दावों में कोई सच्चाई नहीं है। इस मामले में दूसरे लोगों को घसीटना बिल्कुल भी ठीक नहीं है, खासकर उन बेकसूर दोस्तों को जिनका इससे कोई लेना-देना नहीं है। मौनी और मैंने इस पूरे दौर में अपनी गरिमा बनाए रखी है और हम उम्मीद करते हैं कि रिपोर्टिंग करने वाले लोग भी इस गरिमा का सम्मान करेंगे।
सूरज नांबियार ने बिना किसी जांच-पड़ताल और वेरिफिकेशन के खबरें प्रकाशित करने वाले मीडिया हाउस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, मैं इस गलत सूचना के सामने चुप नहीं रहने वाला हूं। हमारे संयुक्त बयान में वह सब कुछ था जो कहा जाना चाहिए था। मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि वे इसका सम्मान करें और हम दोनों को शांति से आगे बढ़ने के लिए जरूरी स्पेस दें।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें