धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि पर भावुक हुईं हेमा मालिनी, बोलीं- उनके बिना जिंदगी बहुत खाली लगती है
दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को दुनिया से विदा हुए एक साल बीत गया, लेकिन उनकी पत्नी हेमा मालिनी के लिए यह जुदाई आज भी उतनी ही तकलीफदेह है। धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि पर हेमा ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने दिल का हाल बयां किया। उन्होंने धर्मेंद्र को सिर्फ अपना पति नहीं, बल्कि दोस्त, मार्गदर्शक, ताकत और अपनी पूरी दुनिया बताया। साथ में दोनों की कुछ खूबसूरत तस्वीरें भी साझा कीं।
हेमा मालिनी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि देखते ही देखते पूरा एक साल गुजर गया, लेकिन उनके दुख की तीव्रता आज भी कम नहीं हुई है। धर्मेंद्र के जाने से उन्हें ऐसी क्षति हुई है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। वह उनके लिए सिर्फ जीवनसाथी नहीं थे, बल्कि हर कदम पर साथ देने वाले दोस्त, दार्शनिक और मार्गदर्शक भी थे।
'उनके बिना जिंदगी बहुत खाली लगती है'
हेमा ने अपने भावनात्मक संदेश में लिखा, 'उनके बिना जिंदगी बहुत खाली लगती है।' उन्होंने धर्मेंद्र के व्यक्तित्व और उनके स्वभाव को याद करते हुए कहा कि उनकी शख्सियत बेहद प्रभावशाली थी। उनके भीतर सहज अच्छाई थी और वह अपने संपर्क में आने वाले हर व्यक्ति को प्यार देते थे। यही खूबियां उन्हें दूसरों से अलग बनाती थीं।
हेमा के मुताबिक, धर्मेंद्र ने सफलता की ऊंचाइयों को छुआ, लेकिन इसके बावजूद वह हमेशा जमीन से जुड़े रहे और अपनी जड़ों को नहीं भूले। उनकी यही सादगी और अपनापन उन्हें एक असाधारण इंसान बनाता था।
भगवद्गीता का जिक्र कर कही दिल की बात
अपने संदेश में हेमा मालिनी ने भगवद्गीता का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि गीता के अनुसार आत्मा अमर है और उसका पुनर्जन्म होता है। वह इस सत्य को जानती हैं, लेकिन इस जीवन में धर्मेंद्र की कमी उन्हें लगातार महसूस होती है। उनके प्यार भरे साथ और मौजूदगी को वह आज भी याद करती हैं।
हेमा ने उन लाखों प्रशंसकों का भी आभार जताया, जिन्होंने धर्मेंद्र को उनकी पहली पुण्यतिथि पर याद किया और उनके लिए प्यार भरे संदेश भेजे। उन्होंने कहा कि लोगों ने धर्मेंद्र के बारे में जो आत्मीय बातें लिखीं, वे उनके लिए बेहद मायने रखती हैं।
धर्मेंद्र के निधन के एक साल बाद भी प्रशंसकों के दिलों में उनकी यादें ताजा हैं। हेमा मालिनी का यह संदेश बताता है कि पर्दे पर लाखों दिलों पर राज करने वाले इस अभिनेता की निजी जिंदगी में भी कितनी अहम जगह थी।

