1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. hema malini interview acting comeback family controversy personal life

हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र को बताया अपना 'सच्चा हमसफर', बोलीं- उनकी यादें ही मेरी जिंदगी को पूरा करने के लिए काफी

Hema Malini
बॉलीवुड की 'ड्रीम गर्ल' हेमा मालिनी भले ही लंबे समय से बड़े पर्दे से दूर हैं, लेकिन दर्शकों के दिलों में उनका जलवा आज भी बरकरार है। 70 और 80 के दशक में हिंदी सिनेमा पर राज करने वाली वरिष्ठ अभिनेत्री हेमा मालिनी ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अपनी निजी जिंदगी, दिवंगत पति धर्मेन्द्र की यादों और अभिनय में अपनी वापसी को लेकर खुलकर बात की है।
 
जब हेमा मालिनी से यह सवाल पूछा गया कि क्या प्रशंसक उन्हें दोबारा बड़े पर्दे पर अभिनय करते देख पाएंगे, तो उन्होंने काफी सहजता से जवाब दिया। उन्होंने कहा, अब मैं एक्टिंग में वापसी के बारे में नहीं सोचती। मैं अपनी मौजूदा जिंदगी से बेहद खुश और संतुष्ट हूं। मेरा ज्यादातर समय मेरी संसदीय सीट के लोगों की सेवा करने और अपने बच्चों व नाती-पोतों के साथ बीतता है। मेरे परिवार को मेरी जरूरत है, और इसके अलावा धर्म जी की यादें मेरे साथ हैं, जो मेरी जिंदगी को पूरा करने के लिए काफी हैं।
 
धर्मेन्द्र को बताया सच्चा हमसफर
दिवंगत सुपरस्टार धर्मेन्द्र को याद करते हुए हेमा मालिनी भावुक हो गईं। उन्होंने धर्मेन्द्र को एक 'अद्भुत सोलमेट' बताया। हेमा ने साझा किया कि धर्मेन्द्र ने हमेशा उनके हर फैसले का समर्थन किया और उन्हें अपने नृत्य के जुनून को कभी न छोड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वीकार किया कि किसी अपने को खोने का गम कभी कम नहीं होता और वह हर पल धर्मेन्द्र की कमी महसूस करती हैं।
 
सार्वजनिक आलोचनाओं पर दिया करारा जवाब
धर्मेन्द्र और हेमा मालिनी की शादी हमेशा से मीडिया और जनता के आकर्षण का केंद्र रही है। धर्मेन्द्र ने 1954 में प्रकाश कौर से पहली शादी की थी, जिनसे उनके चार बच्चे—सनी देओल, बॉबी देओल, विजेता और अजीता हैं। इसके बाद 1980 में उन्होंने कानूनी रूप से पहली पत्नी के साथ रहते हुए हेमा मालिनी से विवाह किया, जिनसे उनकी दो बेटियां—ईशा देओल और अहाना देओल हैं।
 
उनकी शादी को लेकर हुई आलोचनाओं पर हेमा ने कहा, हमने कभी लोगों की बातों की परवाह नहीं की। हमने अपनी जिंदगी अपने हिसाब से जी, न कि उन लोगों के लिए जो आलोचना करना या जज करना चाहते थे। हमारी नींव सच्चे प्यार पर टिकी थी। हम शुरुआत से जानते थे कि हम एक-दूसरे के लिए बने हैं।
पारिवारिक विवाद की अफवाहों को बताया बेबुनियाद
धर्मेन्द्र के निधन के बाद मीडिया में हेमा मालिनी और धर्मेन्द्र के पहले परिवार (सनी और बॉबी देओल) के बीच कड़वाहट और विवाद की खबरें तेजी से फैली थीं। दावा किया गया था कि अंतिम संस्कारों में हेमा मालिनी और उनकी बेटियों को दूर रखा गया था।
 
इन अफवाहों को खारिज करते हुए हेमा मालिनी ने कहा कि ये सभी बातें पूरी तरह से मनगढ़ंत हैं। उन्होंने स्पष्ट किया, "हमारा परिवार एक एकजुट और खुशहाल परिवार है। लोग अक्सर मसालेदार खबरों के लिए झूठी कहानियां गढ़ते हैं।" हेमा ने अपने फैंस को सलाह दी कि इंटरनेट पर AI और सोशल मीडिया के जरिए फैलाई जा रही हर बात पर आंख मूंदकर यकीन न करें।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
डीप नेक हॉल्टर टॉप में कंगना शर्मा का बोल्ड अंदाज, तस्वीरों ने इंटरनेट पर बढ़ाया पारा