दिग्गज फिल्म निर्माता-निर्देशक के. राजन का निधन, 84 साल की उम्र में की आत्महत्या
तमिल फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज निर्माता-निर्देशक के. राजन का निधन हो गया है। खबरों के अनुसार 85 वर्षीय के. राजन ने चेन्नई के अड्यार ब्रिज से नदी में कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। इस खबर के सामने आते ही पूरी साउथ फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।
यह दर्दनाक घटना रविवार शाम को चेन्नई के अड्यार इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि के. राजन अपने ड्राइवर के साथ गाड़ी से जा रहे थे। जब उनकी कार थिरुविका ब्रिज के पास पहुंची, तो उन्होंने ड्राइवर को गाड़ी रोकने के लिए कहा और कहा कि वह थोड़ी देर टहलने जा रहे हैं।
कार से बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद के. राजन ने अचानक पुल से नीचे बह रही अड्यार नदी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद राहगीरों ने जब यह देखा तो तुरंत शोर मचाया और उनके ड्राइवर को सूचित किया। ड्राइवर ने बिना वक्त गंवाए पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दी।
सूचना मिलते ही अड्यार पुलिस और सैदापेट फायर स्टेशन की बचाव टीम मौके पर पहुंची। करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने नदी से के. राजन के शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा।
क्या पारिवारिक तनाव बना मौत का कारण?
के. राजन के अचानक उठाए गए इस आत्मघाती कदम के पीछे की असली वजह अभी तक पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस को कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। हालांकि, बताया जा रहा है कि के. राजन पिछले कुछ समय से परिवार से अलग एक निजी होटल में रह रहे थे और घरेलू व पारिवारिक मुद्दों को लेकर काफी तनाव में थे। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और हर पहलू से जांच कर रही है।
के. राजन केवल एक निर्माता नहीं थे, बल्कि वह तमिल सिनेमा की आर्थिक और व्यावहारिक कमियों को बेबाकी से उठाने वाले एक योद्धा थे। 1980 के दशक से तमिल सिनेमा में सक्रिय के. राजन ने 1983 में सुरेश अभिनीत फिल्म 'ब्रह्माचारिगल' से बतौर निर्माता अपने करियर की शुरुआत की थी। अपने बैनर 'गणेश सिने आर्ट्स' के तहत उन्होंने डबल्स और अवल पावाम जैसी कई फिल्मों का निर्माण किया।
साल 2000 में के. राजन ने 'चेन्नई फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन' के अध्यक्ष के रूप में भी काम किया था। उनके बेटे प्रभुकांत भी तमिल सिनेमा में एक अभिनेता और निर्देशक के तौर पर सक्रिय हैं।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें