अनन्या पांडे-लक्ष्य की 'चांद मेरा दिल' पर चली सेंसर बोर्ड की कैंची, 1 मिनट लंबे लिपलॉक को किया ट्रिम
बॉलीवुड एक्ट्रेस अनन्या पांडे और लक्ष्य की फिल्म 'चांद मेरा दिल' का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी यह फिल्म 22 मई को रिलीज होने जा रही है। फिल्म का ट्रेलर जब से आउट हुआ है, दर्शकों के बीच इस नई जोड़ी को देखने की उत्सुकता सातवें आसमान पर है।
इसी बीच फिल्म की रिलीज से ठीक पहले इसे लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने फिल्म पर अपनी कैंची चला दी है। सेंसर बोर्ड ने अनन्या पांडे और लक्ष्य की इस लव स्टोरी को काफी बारीकी से देखा और इसे U/A 16+ सर्टिफिकेट के साथ हरी झंडी दी है।
सर्टिफिकेट देने के साथ ही बोर्ड ने फिल्म के कुछ इंटीमेट सीन्स पर आपत्ति जताई और मेकर्स को उन्हें हटाने का निर्देश दिया। खबरों के अनुसार, बोर्ड ने फिल्म से एक 10 सेकंड के किसिंग सीन को पूरी तरह से हटाने या बदलने के लिए कहा है। इसके अलावा, एक और लंबा लिप-लॉक सीन, जो करीब 1 मिनट और 26 सेकंड का था, उसे भी ट्रिम करने का आदेश दिया गया है।
सेंसर बोर्ड का मानना था कि फिल्म की 'UA' कैटेगरी को बनाए रखने के लिए इन सीन्स की लंबाई को कम करना जरूरी था। सेंसर बोर्ड ने सिर्फ सीन्स पर ही कैंची नहीं चलाई, बल्कि फिल्म से जुड़े नियमों का पालन करने के लिए भी मेकर्स को निर्देश दिए हैं। सेंसर गाइडलाइंस के तहत मेकर्स से कहा गया है कि फिल्म में जितने भी बाल कलाकारों ने काम किया है, उनके माता-पिता या कानूनी संरक्षकों की तरफ से आधिकारिक सहमति पत्र और जरूरी दस्तावेज बोर्ड के सामने प्रस्तुत किए जाएं।
सेंसर बोर्ड के इन कट्स और बदलावों के बाद अब फिल्म की कुल लंबाई यानी रनटाइम भी सामने आ चुका है। 'चांद मेरा दिल' का कुल रनटाइम 135 मिनट और 36 सेकंड तय किया गया है। यानी दर्शकों को सिनेमाघरों में 2 घंटे 15 मिनट और 36 सेकंड की एक बेहतरीन और भावुक कर देने वाली प्रेम कहानी देखने को मिलेगी।
'चांद मेरा दिल' का निर्देशन विवेक सोनी ने किया है। फिल्म में अनन्या पांडे के किरदार का नाम 'चांदनी' है और लक्ष्य लालवानी 'आरव' की भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म 22 मई को देश-दुनिया के सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें