शादी के 4 साल बाद हुआ मौनी रॉय-सूरज नांबियार की शादी अंत, जॉइंट स्टेटमेंट जारी कर किया अलग होने का ऐलान
छोटे पर्दे से लेकर बड़े पर्दे तक अपनी पहचान बनाने वाली अभिनेत्री मौनी रॉय और उनके पति, बिजनेसमैन सूरज नांबियार बीते कुछ समय से अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में थे। सोशल मीडिया पर दोनों के तलाक लेने के कयास लगाए जा रहे थे। अब मौनी रॉय ने अपने तलाक का कंफर्मेशन दे दिया है।
मौनी और सूरज ने एक जॉइंट पोस्ट शेयर करके अपनी शादी के चार साल बाद आधिकारिक तौर पर अलग होने का ऐलान कर दिया है। मौनी और सूरज ने अपने आधिकारिक बयान में मीडिया और प्रशंसकों के बीच चल रही अफवाहों पर दुख व्यक्त किया।
उन्होंने लिखा, हम मीडिया के कुछ वर्गों द्वारा हमारे व्यक्तिगत जीवन में अनावश्यक और दखल देने वाले ध्यान को निराशा के साथ देख रहे हैं। हम यह बताना चाहते हैं कि हमने अलग होने का फैसला किया है और निजी और सौहार्दपूर्ण तरीके से इन मामलों को सुलझाने के लिए आवश्यक समय ले रहे हैं।
कपल ने आगे कहा कि उनके निजी जीवन को लेकर कई मनगढ़ंत कहानियां और झूठे नैरेटिव फैलाए जा रहे हैं, जो उनकी वास्तविकता को नहीं दर्शाते। उन्होंने स्पष्ट किया कि बदलते व्यक्तिगत प्राथमिकताओं पर विचार करने के बाद, उन्होंने आपसी सम्मान और समझ के साथ अलग रास्तों पर चलने का फैसला लिया है।
मौनी और सूरज के बीच सब कुछ ठीक न होने की खबरें तब शुरू हुईं जब फैंस ने गौर किया कि दोनों ने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया है। इसके साथ ही सूरज नांबियार ने अपने अकाउंट से शादी की कई तस्वीरें भी हटा दी थीं। जब अटकलें तेज हुईं, तो मौनी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर मीडिया से प्राइवेसी की गुहार भी लगाई थी, लेकिन गुरुवार को इस जॉइंट स्टेटमेंट ने तलाक की खबरों पर मुहर लगा दी।
दुबई में मुलाकात और गोवा की 'फेयरी टेल' शादी
मौनी रॉय और सूरज नांबियार की प्रेम कहानी किसी फिल्म से कम नहीं थी। दोनों की पहली मुलाकात 2018 में दुबई में नए साल के जश्न के दौरान हुई थी। खबरों की मानें तो सूरज को शुरुआत में यह अंदाजा भी नहीं था कि मौनी भारत की एक बड़ी स्टार हैं। धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदली और फिर दोनों ने 27 जनवरी 2022 को गोवा में शादी कर ली।
मौनी और सूरज की शादी काफी चर्चा में रही थी क्योंकि इसमें बंगाली और मलयाली दोनों संस्कृतियों का खूबसूरत संगम देखने को मिला था। मौनी ने हमेशा सूरज को अपना 'सपोर्ट सिस्टम' बताया था, लेकिन शादी के चार साल पूरे होते-होते इस रिश्ते में दरार आ गई।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें