1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. bobby deol starrer bandar ott release zee5 streaming date

थिएटर्स के बाद ओटीटी पर धमाल मचाने आ रही बॉबी देओल की 'बंदर, जानें कब और कहां होगी स्ट्रीम

Bandar OTT Release Date
अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी और बॉबी देओल स्टारर बहुचर्चित फिल्म 'बंदर' अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। सिनेमाघरों में अपनी रिलीज के दौरान दर्शकों के बीच तीखी बहस और विवाद पैदा करने के बाद, यह फिल्म जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 पर दिखाई जाएगी। 
 
जी5 ने आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि 'बंदर' 28 अगस्त से स्ट्रीम होगी। इस फिल्म में बॉबी देओल मुख्य भूमिका में हैं, जबकि उनके साथ सानिया मल्होत्रा, सपना पब्बी और सबा आजाद जैसे कलाकार अहम किरदारों में नजर आएंगे।  
क्या है फिल्म 'बंदर' की कहानी?
फिल्म की कहानी #MeTooForMen के मुद्दे पर आधारित है। इसमें एक ऐसे व्यक्ति (समर) की जिंदगी को दिखाया गया है, जिस पर एक महिला द्वारा गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद उसकी दुनिया रातों-रात बदल जाती है। कोर्ट-कचहरी और सच्चाई सामने आने से पहले ही मीडिया ट्रायल, जनता की राय और सामाजिक न्याय उस व्यक्ति को दोषी ठहरा देते हैं।
 
थिएटर्स में क्यों हुआ था विवाद?
जून में जब 'बंदर' सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, तब दर्शकों और समीक्षकों के बीच इसे लेकर दो फाड़ देखने को मिले थे। एक वर्ग का मानना था कि यह फिल्म पुरुषों के खिलाफ लगने वाले झूठे आरोपों और उनके बाद होने वाली मानसिक व सामाजिक पीड़ा को दिखाने का एक साहसिक प्रयास है।
 
दूसरी ओर, आलोचकों का तर्क था कि यह फिल्म महिलाओं के वास्तविक संघर्षों और शोषण के खिलाफ चलने वाले अभियानों को कमजोर करती है और एक बढ़ा-चढ़ाकर बनाई गई धारणा पेश करती है। सीमित स्क्रीन्स और विवादों के बीच फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ा कमाल नहीं दिखा पाई थी और दुनियाभर में लगभग 5 करोड़ का ही कलेक्शन कर सकी थी।  
फिल्म में अपने किरदार को लेकर बॉबी देओल ने कहा कि 'बंदर' उनके करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण प्रोजेक्ट्स में से एक रहा है। उन्होंने कहा, इस किरदार ने एक कलाकार और एक इंसान के तौर पर मुझसे काफी कुछ मांगा। मुझे अपनी झिझक छोड़कर अनुराग के विजन के आगे पूरी तरह समर्पण करना पड़ा। अनुराग की खासियत यही है कि वह कभी सीधा रास्ता नहीं चुनते, बल्कि आपको असहज और अप्रत्याशित रास्तों पर ले जाते हैं।
 
फिल्म के सफर पर बात करते हुए निर्देशक अनुराग कश्यप ने कहा, फिल्म का सिनेमाघरों में चाहे जो भी सफर रहा हो, लेकिन मुझे लगता है कि इसकी कहानी आज के समय में बेहद प्रासंगिक है और इस पर चर्चा होनी चाहिए। मुझे खुशी है कि यह अब ZEE5 के जरिए अधिक दर्शकों तक पहुंचेगी। मैं उम्मीद करता हूं कि लोग इसे देखकर अपनी राय बनाएंगे और फिल्म खत्म होने के बाद भी यह संवाद बना रहेगा।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
'तेरे नाम' से दिलों पर राज करने वाली भूमिका चावला की वो दास्तान, जब रातों-रात हाथ से निकलीं सुपरहिट फिल्में