India EU Trade Deal : इम्पोर्टेड लग्जरी कारें होंगी सस्ती, टैरिफ 110% से घटकर 10%, भारत-EU में 18 साल बाद FTA
भारत और यूरोपियन यूनियन (EU) के बीच 18 साल की लंबी बातचीत के बाद मंगलवार को फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) हो गया है। भारत और यूरोपियन यूनियन के नेताओं ने मंगलवार को 16वें भारत-EU समिट के दौरान इसकी घोषणा की। इस डील के बाद भारत में यूरोपीय कारें जैसे कि BMW, मर्सिडीज पर लगने वाले टैक्स को 110% से घटाकर 10% कर दिया जाएगा। यानी अब भारत में लक्जरी कारें सस्ती होंगी। इस समझौते को 2027 में लागू किए जाने की संभावना है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर करने की घोषणा करते हुए कहा कि यह वैश्विक जीडीपी का 25 प्रतिशत और वैश्विक व्यापार का एक तिहाई हिस्सा है। उन्होंने कहा कि लोग, भारत-यूरोपीय संघ व्यापार समझौते को 'मदर ऑफ ऑल द डील्स' (सबसे अहम समझौता) बता रहे हैं।
इस समझौते ने 140 करोड़ भारतीयों के साथ-साथ यूरोपीय लोगों के लिए भी कई अवसर उत्पन्न किए हैं। मोदी ने कहा कि यह विश्व की दो प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के बीच समन्वय का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। यह समझौता वैश्विक जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) का 25 प्रतिशत और वैश्विक व्यापार का एक तिहाई हिस्सा है। Edited by : Sudhir Sharma